मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
बदायूं, 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बारे में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोपी को बदायूं की पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मामला जिले के उघैती थाना क्षेत्र के करनपुर गांव से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में आरोपी प्रभु दयाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां करता दिखाई दे रहा था। वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस ने वीडियो का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की। जांच में पता चला कि वह वर्तमान में दिल्ली में रह रहा है। इसके बाद पुलिस की टीमों ने दिल्ली में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बिल्सी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक सिद्धू ने बताया कि आरोपी प्रभु दयाल से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूछताछ और साक्ष्य संकलन के बाद उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


