पाकिस्तानी आतंकी संगठन के साथ संबंध रखने के संदेह में कर्नाटक में एक व्यक्ति गिरफ्तार

पाकिस्तानी आतंकी संगठन के साथ संबंध रखने के संदेह में कर्नाटक में एक व्यक्ति गिरफ्तार

पाकिस्तानी आतंकी संगठन के साथ संबंध रखने के संदेह में कर्नाटक में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: June 24, 2026 / 04:27 pm IST
Published Date: June 24, 2026 4:27 pm IST

दावणगेरे (कर्नाटक), 24 जून (भाषा) पाकिस्तान के एक आतंकवादी संगठन से संबंध रखने के संदेह में एक व्यक्ति को कर्नाटक के दावणगेरे जिले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी सुहेल (20) हाल में अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश से दावणगेरे के हरिहर तालुक आया था, जहां वह पेंटर का काम कर रहा था।

उसने बताया कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से प्राप्त जानकारी के आधार पर मंगलवार को खुफिया अधिकारियों के साथ संयुक्त अभियान में सुहेल को पकड़ा गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने आरोपी को पकड़ लिया और उसे संबंधित जांच एजेंसी को सौंप दिया।’’

पुलिस के अनुसार सुहेल के व्हाट्सऐप अकाउंट पर आतंकवाद से संबंधित संदिग्ध सामग्री मिली और वह पाकिस्तान में मौजूद कई लोगों के कथित तौर पर संपर्क में था।

गिरफ्तारी के बारे में जानकारी साझा करते हुए दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक शेखर एच. टेक्कनवार ने कहा कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर संदिग्ध को मंगलवार को हिरासत में लिया गया।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘कल, हमारे पुलिस उपनिरीक्षक ने प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। लगभग 15 दिन पहले, संदिग्ध हरिहर ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एक निजी कारखाने में पेंटर के रूप में काम करने आया था और पास के एक गांव में रह रहा था।’’

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उसके संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उससे पूछताछ की गई और जांच के दौरान यह सामने आया कि वह अपने मोबाइल फोन पर व्हाट्सऐप समूहों और सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी मूल के व्यक्तियों के संपर्क में था।

उन्होंने कहा कि हरिहर ग्रामीण पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई के लिए संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है।

टेक्कनवार ने कहा, “हम लगभग 20 वर्षीय इस संदिग्ध के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।”

प्रारंभिक निष्कर्षों का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि ये व्यक्ति कुछ चरमपंथी गतिविधियों को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में आए और ऑनलाइन संपर्क बनाए रखा।

उन्होंने कहा, “वर्तमान में हम हिरासत में लिए गए संदिग्ध की जांच-पड़ताल कर रहे हैं। आने वाले दिनों में हम सत्यापन प्रक्रिया पूरी करेंगे, सभी संबंधित साक्ष्य एकत्र करेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे।”

अधिकारी ने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संदिग्ध लगभग 10 लोगों के एक समूह के साथ यहां आया था।

टेक्कनवार ने कहा, ‘‘हम अन्य लोगों की पृष्ठभूमि की भी जांच कर रहे हैं। जांच के बाद हम यह सत्यापित करेंगे कि क्या इसमें किसी विशेष समूह की संलिप्तता है और अन्य विवरण क्या हैं। ये तथ्य केवल जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।’’

इस गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले ही चार जून को तुमकुरु और दावणगेरे जिलों से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। दोनों पर आरोप है कि वे सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में रहने वाले एक व्यक्ति के संपर्क में थे और भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ गतिविधियों की साजिश रच रहे थे।

गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, वह कुछ पाकिस्तानियों के संपर्क में था।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी होने के बाद ही और जानकारी सामने आएगी।

उन्होंने बेंगलुरु में पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच और उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश का वह व्यक्ति काम की तलाश में यहां आया था। उसके मोबाइल फोन से कुछ जानकारी मिली है। इसलिए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’’

खरगे ने कहा, ‘‘व्हाट्सऐप पर बातचीत से पता चला है कि वह कुछ पाकिस्तानियों के संपर्क में था। लेकिन क्या बड़े पैमाने पर कट्टरपंथ की ओर आकर्षित किया गया या कुछ और हुआ, यह जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल वह हिरासत में है।’’

भाषा

देवेंद्र प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में