केरलम में व्यक्ति ने घर के पीछे चिता तैयार कर आत्महत्या की

केरलम में व्यक्ति ने घर के पीछे चिता तैयार कर आत्महत्या की

केरलम में व्यक्ति ने घर के पीछे चिता तैयार कर आत्महत्या की
Modified Date: September 28, 2026 / 06:48 pm IST
Published Date: September 28, 2026 6:48 pm IST

कोल्लम (केरलम), 28 सितंबर (भाषा) केरलम के चथिनमकुलम में सोमवार को 55 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने घर के पीछे तैयार की गई चिता पर खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान पनायम के निकट चथिनमकुलम निवासी हरींद्रन पिल्लई के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों ने दोपहर में उसके घर के पीछे आग लगी देखी। उस समय पिल्लई की पत्नी और दो बच्चे घर पर नहीं थे।

पुलिस ने बताया कि एक पड़ोसी से सूचना मिलने पर उनकी पत्नी एक रिश्तेदार के साथ मौके पर पहुंचीं तो चिता पर जलता हुआ शव देखा।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल एवं बचाव सेवा कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने पिल्लई की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिले।

बाद में शव पर मिली एक अंगूठी के आधार पर पुलिस और रिश्तेदारों ने उनकी पहचान पिल्लई के रूप में की।

पुलिस ने बताया कि पिल्लई पूजा सामग्री की दुकान चलाते थे।

पुलिस ने कहा कि आत्महत्या के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

किलिकोल्लूर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में