दिल्ली के आजादपुर में डीटीसी बस की टक्कर से युवक की मौत

दिल्ली के आजादपुर में डीटीसी बस की टक्कर से युवक की मौत

दिल्ली के आजादपुर में डीटीसी बस की टक्कर से युवक की मौत
Modified Date: April 5, 2026 / 08:10 pm IST
Published Date: April 5, 2026 8:10 pm IST

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आजादपुर इलाके में रविवार को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस की टक्कर से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

घटना की सूचना शाम करीब साढ़े पांच बजे पीसीआर की मदद से आदर्श नगर पुलिस थाने को दी गई।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने शालीमार बाग के साहीपुर गांव के निवासी आकाश को सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया, जिसे बाद में मृत घोषित कर दिया गया।

एक बयान के अनुसार, पीड़ित को कथित तौर पर तेज रफ्तार डीटीसी बस ने टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

टक्कर अचानक हुई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग वहां जमा हो गए।

बयान में कहा गया है, ‘घटनास्थल का मुआयना करने के लिए तुरंत अपराध शाखा की एक टीम को बुलाया गया और घटनास्थल का फॉरेंसिक परीक्षण किया गया। शव को बाद में पोस्टमार्टम के लिए बीजेआरएम मुर्दाघर भेज दिया गया। मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है।’

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह दुर्घटना आज़ादपुर के एक व्यस्त इलाके में हुई, जहां शाम के समय यातायात जाम और वाहनों की भारी आवाजाही आम बात है।

बस चालक का पता लगाने के लिए पुलिस ने कई टीम गठित की हैं।

अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जांच जारी है।

भाषा

राखी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में