बारां में हॉट एयर बैलून के परीक्षण के दौरान व्यक्ति की मौत

बारां में हॉट एयर बैलून के परीक्षण के दौरान व्यक्ति की मौत

बारां में हॉट एयर बैलून के परीक्षण के दौरान व्यक्ति की मौत
Modified Date: April 10, 2025 / 12:20 pm IST
Published Date: April 10, 2025 12:20 pm IST

कोटा, 10 अप्रैल (भाषा) बारां में बृहस्पतिवार को हॉट एयर बैलून के परीक्षण के दौरान हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान कोटा निवासी वासुदेव खत्री (40) के रूप में हुई है जो बारां उत्सव कार्यक्रम में नियुक्त हॉट एयर बैलून सेवा प्रदाता का कर्मचारी था।

घटना खेल संकुल परिसर में सुबह लगभग सात बजे हुई, जब हॉट एयर बैलून अचानक आसमान में उड़ गया। उसकी एक रस्सी को खत्री ने पकड़ रखा था।

मौके पर मौजूद पुलिस उपाधीक्षक (बारां शहर) ओमेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि जब बैलून 60 फुट से ऊपर पहुंचा तो वह रस्सी टूट गई, जिससे वासुदेव जमीन पर गिर गया। उसे तुरंत बारां जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

शेखावत ने बताया कि पीड़ित इस प्रदाता के साथ विशेषज्ञ के रूप में काम कर रह था और उसे लगभग 20 साल का अनुभव बताया जा रहा है। घटना के समय बारां जिला प्रशासन के अधिकारी और पुलिस परिसर में मौजूद थे।

भाषा पृथ्वी

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में