चमत्कारी कछुआ बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी, आरोपी फरार

चमत्कारी कछुआ बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी, आरोपी फरार

चमत्कारी कछुआ बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी, आरोपी फरार
Modified Date: March 26, 2026 / 09:58 pm IST
Published Date: March 26, 2026 9:58 pm IST

जयपुर, 26 मार्च (भाषा) राजस्थान में अजमेर जिले के रूपनगढ़ क्षेत्र में कुछ लोगों ने कथित रूप से चमत्कारी कछुए के नाम पर 12 लाख रुपए की ठगी कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उसने बताया कि कथित ठगों ने कछुए को एक करोड़ रुपए का बताकर 20 लाख रुपये में दिलाने का झांसा दिया और पीड़ित से 12 लाख रुपए ऐंठकर फरार गए।

थानाधिकारी रामस्वरूप चौधरी ने बताया कि ब्यावर जिले के कानाखेड़ पिपलाज के रसीद ने रूपनगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्राथमिकी में पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले सलीम नामक व्यक्ति उसके पास आया और अपने परिचित के पास एक ‘चमत्कारी कछुआ’ होने की बात कही।

शिकायतकर्ता के अनुसार सलीम ने दावा किया कि कछुए की कीमत एक करोड़ रुपए है, लेकिन वह इसे 20 लाख रुपए में दिलवा सकता है। उसने शिकायतकर्ता को यह लालच भी दिया कि कछुए को आगे अधिक कीमत में बेचा जा सकता है।

थानाधिकारी ने बताया कि लालच में आकर रसीद ने अपने परिचित भगवान सिंह, मानसिंह एवं अन्य लोगों से उधार लेकर सलीम को 12 लाख रुपए सौंप दिए और ठगों ने एक पैकेट थमा दिया।

उन्होंने बताया कि ठगों के जाने के बाद रसीद ने पैकेट खोला तो उसमें कथित चमत्कारी कछुए की जगह बेकार सामान निकला, तब उसे ठगी का अहसास हुआ।

पुलिस मोबाइल नंबरों के आधार पर उनकी पहचान जुटा रही है और मामले की जांच कर रही है।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में