कर्नाटक के शिवगंगे में ट्रेकिंग पर गया व्यक्ति लापता, तलाश जारी

कर्नाटक के शिवगंगे में ट्रेकिंग पर गया व्यक्ति लापता, तलाश जारी

कर्नाटक के शिवगंगे में ट्रेकिंग पर गया व्यक्ति लापता, तलाश जारी
Modified Date: August 9, 2026 / 01:11 pm IST
Published Date: August 9, 2026 1:11 pm IST

बेंगलुरु, नौ अगस्त (भाषा) बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित नेलमंगला तालुक के शिवगंगे में ट्रेकिंग के लिए गए 31 वर्षीय एक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, लापता व्यक्ति की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी अद्वैत उपाध्याय के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु के ‘व्हाइटफील्ड’ इलाके में एक वित्तीय कंपनी में काम करता है।

पुलिस ने बताया कि अद्वैत की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, यहां बेगुर इलाके में रह रहे अद्वैत ने अपनी मंगेतर को शिवगंगे में ट्रेकिंग पर जाने की योजना के बारे में कथित तौर पर बताया था। इसके लिए उसने एक मोटरसाइकिल भी किराये पर ली थी।

उसने बताया कि अद्वैत शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पहाड़ी पर पहुंचा था। ऊपर जाने से पहले उसने मोटरसाइकिल को पहाड़ी की तलहटी में खड़ा कर दिया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद काडुगोडी थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अद्वैत का पता लगाने के लिए शिवगंगे और उसके आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी में अद्वैत को पहाड़ी पर चढ़ते देखा गया है, लेकिन उसके बाद वह कहां गया उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। युवक का मोबाइल फोन भी बंद है।

अद्वैत के परिवार ने आशंका जताई है कि संभवत: लुटेरों ने उसे अकेला देखकर उसका अपहरण कर लिया और उसे नुकसान पहुंचाया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “व्यापक तलाश अभियान जारी है और जांच जारी है। हम सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं।”

भाषा प्रचेता खारी

खारी


लेखक के बारे में