केरलम में जंगली हाथी के हमले में व्यक्ति की मौत

केरलम में जंगली हाथी के हमले में व्यक्ति की मौत

केरलम में जंगली हाथी के हमले में व्यक्ति की मौत
Modified Date: September 18, 2026 / 12:04 pm IST
Published Date: September 18, 2026 12:04 pm IST

इडुक्की (केरलम), 18 सितंबर (भाषा) केरलम के संथानपारा में एक जंगली हाथी के हमले में मध्य प्रदेश के 29 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के डिंडोरी निवासी शिवकुमार के रूप में हुई है। वह यहां इलायची के एक बागान में काम करता था।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे शिवकुमार और उसका एक दोस्त संथानपारा में नजंगलार-कंपनी एस्टेट रोड से गुजर रहे थे, तभी भटकते हुए इलाके में आया एक जंगली हाथी उनके सामने आ गया।

उसने बताया कि शिवकुमार का दोस्त वहां से भागने में सफल रहा लेकिन हाथी ने शिवकुमार पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि हाथी के वहां से चले जाने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने शिवकुमार को मृत पाया।

संथानपारा पुलिस ने शुक्रवार को अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जंगली हाथी अक्सर रिहायशी इलाकों के पास आ जाते हैं और अधिकारियों से बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और उसे जंगल में वापस भेजने के लिए कदम उठा रहे हैं।

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में