नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में स्कूटर सवार दो हथियारबंद बदमाशों ने एक व्यक्ति से कथित तौर पर 16 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब एक फाइनेंसर के कर्मचारी नकदी लेकर गांधी नगर स्थित अपने नियोक्ता की दुकान पर जा रहा था।
इसने बताया कि दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात दर्ज हो गई है। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक, कर्मचारी दुकान के बाहर अपना वाहन पार्क कर रहा था, तभी एक स्कूटर पर सवार दो संदिग्ध वहां पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि स्कूटर पर पीछे बैठे बदमाश ने कथित तौर पर पिस्तौल लहराते हुए रुपयों से भरा बैग छीन लिया और दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें लूटपाट से पहले और वारदात के दौरान दोनों संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।
भाषा सुमित देवेंद्र
देवेंद्र