ग्रेटर नोएडा में पड़ोसी ने युवक की गोली मारकर हत्या की

ग्रेटर नोएडा में पड़ोसी ने युवक की गोली मारकर हत्या की

ग्रेटर नोएडा में पड़ोसी ने युवक की गोली मारकर हत्या की
Modified Date: May 6, 2026 / 09:14 am IST
Published Date: May 6, 2026 9:14 am IST

नोएडा (उत्तर प्रदेश), छह मई (भाषा) ग्रेटर नोएडा के एक गांव में बुधवार तड़के 25 वर्षीय एक युवक की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार सूरजपुर थाना क्षेत्र के गांव साकीपुर में हुई इस घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता विजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तफ्तीश के अनुसार गांव निवासी साजन एक शादी समारोह से घर लौटा था, तभी उसके पड़ोसी मंगेश ने उस पर गोलियां चला दीं।

उन्होंने बताया कि साजन को तीन गोलियां लगीं।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साजन और मंगेश के बीच नाली की सफाई व कूड़ा डालने को लेकर विवाद था। संभवतः इसी विवाद में घटना को अंजाम दिया गया।’’

उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीम गठित की गई हैं।

प्रवक्ता ने कहा, ”कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।”

घटना के बाद साकीपुर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा सं खारी

खारी


लेखक के बारे में