मणिपुर: उखरुल जिले की पहली यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने की वार्ता की अपील
मणिपुर: उखरुल जिले की पहली यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने की वार्ता की अपील
इंफाल, 17 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को उखरुल जिले के अपने पहले दौरे के दौरान विभिन्न समुदायों के बीच संवाद और शांति की अपील की।
उन्होंने कहा कि हर समुदाय में अच्छे और बुरे लोग होते हैं, लेकिन आम लोग शांति चाहते हैं।
थवाई कुकी गांव में मुलाकात के दौरान जब एक महिला रो पड़ी तो मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं भी मनुष्य हूं। मेरा दिल भर आया। शांति बहाल करने के लिए संवाद ही एकमात्र रास्ता है।”
मणिपुर में पहाड़ी जिलों में मेइती समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग के विरोध में आदिवासियों के मार्च के बाद मई 2023 में मेइती और कुकी समुदाय के बीच जातीय हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा में अब तक कम से कम 260 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
सिंह ने लोगों को सौहार्दपूर्वक साथ रहने का संदेश देते हुए कहा, “हिंसा बच्चों को गंभीर रूप से प्रभावित करती है, इसलिए भविष्य की पीढ़ियों के बारे में सोचना चाहिए।”
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


