मणिपुर के मुख्यमंत्री ने आंतरिक तौर पर विस्थापितों की सुरक्षित घर वापसी का आश्वासन दिया
मणिपुर के मुख्यमंत्री ने आंतरिक तौर पर विस्थापितों की सुरक्षित घर वापसी का आश्वासन दिया
इंफाल, 14 मई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बृहस्पतिवार को आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) की उनके घरों में सुरक्षित वापसी का आश्वासन देते हुए कहा कि उनके पुनर्वास के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
सिंह ने इंफाल पश्चिम जिले के पहाड़ी गांव कांगचुप चिंगखोंग के दौरे के दौरान विस्थापितों से बातचीत में यह आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र में जल्द ही सुरक्षाकर्मियों के लिए एक पक्का भवन बनाया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि संवाद के माध्यम से समुदायों के बीच विश्वास की कमी को दूर किया जाएगा। उन्होंने जिरीबाम जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अब समुदाय सौहार्द के साथ रह रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार विस्थापितों की उन शिकायतों की जांच करेगी जिसमें हिंसा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए घरों के पुनर्निर्माण के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाने की मांग की गई है।
सिंह ने बताया कि अंतर-ग्राम संपर्क मार्ग (आईवीआर) को मजबूत करने के लिए 1.2 करोड़ रुपये और क्षेत्र में जलापूर्ति योजना के लिए 1.94 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पहली बार कांगचुप चिंगखोंग गांव का दौरा किया है। यह गांव जातीय हिंसा से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक रहा है।
इससे पहले सिंह ने इंफाल कालेज में ‘मुख्यमंत्री कालेज छात्र पुनर्वास योजना’ (सीएमसीएसआरएस) के तहत संस्थान के 754 आतंरिक तौर पर विस्थापित छात्रों को 10,000 रुपये की एकमुश्त सहायता राशि वितरित की।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


