गडकरी से मिले मणिपुर के मुख्यमंत्री; प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की

गडकरी से मिले मणिपुर के मुख्यमंत्री; प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की

गडकरी से मिले मणिपुर के मुख्यमंत्री; प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की
Modified Date: June 10, 2026 / 07:01 pm IST
Published Date: June 10, 2026 7:01 pm IST

(तस्वीर के साथ)

इंफाल, 10 जून (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने राज्य में इंफाल-जिरीबाम और इंफाल-दीमापुर सहित प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गडकरी के सरकारी आवास पर हुई बैठक के दौरान खेमचंद ने मणिपुर में प्रस्तावित एलिवेटेड राजमार्ग परियोजना को जल्द मंजूरी देने की मांग भी की।

बयान के अनुसार, गडकरी ने खेमचंद के आग्रह का सकारात्मक जवाब दिया।

बयान में कहा गया है कि खेमचंद ने राष्ट्रीय राजमार्ग-37 (इंफाल-जिरीबाम राजमार्ग) के बारे में गडकरी को बताया कि नोनी जिले में अधिगृहीत जमीन के मुआवजे से जुड़े मुद्दों को दोबारा सर्वेक्षण और राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद सुलझा लिया गया है और इस परियोजना पर काम शुरू हो गया है।

इसमें कहा गया है कि कांगपोकपी जिले में इंफाल-दीमापुर राजमार्ग से जुड़े मुद्दों को सुलझा लिया गया है और राज्य मंत्रिमंडल ने एक विशेष पैकेज को मंजूरी दे दी है।

बयान में कहा गया है कि खेमचंद ने गडकरी को यह भी बताया कि जमीन से जुड़े मुद्दे इंफाल-उखरुल-जेसामी राजमार्ग परियोजना को अब भी प्रभावित कर रहे हैं। इसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार जल्द समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर रही है।

भाषा पारुल सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में