मणिपुर सरकार हिंसा से विस्थापित लोगों की घर वापसी सुनिश्चित करे : कांग्रेस

मणिपुर सरकार हिंसा से विस्थापित लोगों की घर वापसी सुनिश्चित करे : कांग्रेस

मणिपुर सरकार हिंसा से विस्थापित लोगों की घर वापसी सुनिश्चित करे : कांग्रेस
Modified Date: August 13, 2024 / 07:08 pm IST
Published Date: August 13, 2024 7:08 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

इंफाल, 13 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओकराम इबोबी सिंह ने मंगलवार को मणिपुर की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि जातीय हिंसा के कारण विस्थापित हुए लोग घर लौट सकें, ताकि राज्य में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके सिंह ने कहा कि विपक्षी दल इस प्रक्रिया में सरकार की सहायता करने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर राज्य में सरकार है तो उसे कानून और व्यवस्था को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करना चाहिए। उच्चतम न्यायालय ने भी कहा है कि मणिपुर में कानून और व्यवस्था पूरी तरह विफल हो गई है और संवैधानिक तंत्र ध्वस्त हो गया है।’’

सिंह ने कहा, ‘‘हम केवल यह चाहते हैं कि कानून एवं व्यवस्था को नियंत्रित किया जाए और राज्य के लोगों को शांतिपूर्वक एवं सामान्य रूप से रहने की अनुमति दी जाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि राहत शिविरों में रह रहे विस्थापित लोगों को उनके घर लौटने की अनुमति दी जाए। तभी शांति कायम होगी। अगर विपक्ष की सहायता की आवश्यकता होगी तो हम सहायता के लिए तैयार हैं।’’

कांग्रेस विधायक दल के नेता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार खेल, अर्थव्यवस्था और संस्कृति समेत हर क्षेत्र में विफल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य पूरी तरह से तबाह हो चुका है। देश में सभी वस्तुओं की कीमतें राज्य में सबसे अधिक हैं। यह सरकार कर्ज के सहारे चल रही है। पहले के कर्ज को चुकाने के लिए एक और कर्ज लिया गया है।’’

भाषा आशीष रंजन

रंजन


लेखक के बारे में