गुजरात में मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव: भाजपा के सतीश पटेल 8,000 मतों से आगे
गुजरात में मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव: भाजपा के सतीश पटेल 8,000 मतों से आगे
वडोदरा, तीन अगस्त (भाषा) गुजरात में मंजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की सोमवार को जारी मतगणना के 19 में से चार दौर पूरे होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सतीश पटेल अपने प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार से 8,000 से अधिक मतों से आगे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मतगणना सुबह आठ बजे वडोदरा के मकरपुरा क्षेत्र स्थित भवन स्कूल परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई।
अधिकारियों के अनुसार, चार दौर की गणना के बाद पटेल को 12,941 वोट मिले जबकि उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी एवं पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को 4,568 वोट मिले, जिससे भाजपा उम्मीदवार को 8,373 वोट की बढ़त मिली।
मंजलपुर सीट पर 30 जुलाई को हुए उपचुनाव में 37.5 प्रतिशत मतदान हुआ। भाजपा विधायक एवं गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के दो जून को निधन के कारण यह चुनाव कराया गया। पटेल लंबे समय से बीमार थे।
भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने गुजरात इकाई के अपने उपाध्यक्ष भीखाभाई रबारी को उम्मीदवार बनाया।
मंजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के नतीजों का भाजपा की ताकत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि वडोदरा शहर में भाजपा के गढ़ में कांग्रेस किस तरह मुकाबला करती है।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना

Facebook


