लुधियाना में आंबेडकर की प्रतिमा के अनादर पर जालंधर के बाजार बंद, होशियारपुर में बंद का आह्वान
लुधियाना में आंबेडकर की प्रतिमा के अनादर पर जालंधर के बाजार बंद, होशियारपुर में बंद का आह्वान
होशियारपुर/जालंधर, 10 सितंबर (भाषा) लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर डॉ. बी. आर. आंबेडकर की प्रतिमा के कथित अनादर के विरोध में विभिन्न वाल्मीकि और दलित संगठनों के बंद के आह्वान के बाद बृहस्पतिवार को पंजाब के होशियारपुर और जालंधर में बाजार और दुकानें बंद रहीं।
बंद का आह्वान सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक के लिए किया गया है।
होशियारपुर और जालंधर शहरों में सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। हालांकि, अस्पतालों और दवाइयों की दुकानों सहित आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाएं चालू रहीं।
इससे पहले बुधवार को लुधियाना में सात घंटे का बंद रखा गया था।
वाल्मीकि सभा (होशियारपुर) के तरसेम बब्बू और ‘श्री गुरु रविदास टाइगर फोर्स’ के बिंदर सरोइया सहित नेताओं की अगुवाई में वाल्मीकि और दलित संगठनों के कार्यकर्ता होशियारपुर के घंटाघर पर एकत्र हुए और बाजारों में विरोध मार्च निकालकर कथित घटना के खिलाफ नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन में दलित नेता विकास हंस, कमल भट्टी और विशु आदिया भी शामिल थे।
एहतियात के तौर पर होशियारपुर और जालंधर में विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि बंद शांतिपूर्ण रहा और शहर के किसी भी हिस्से से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
कार्यकर्ता सबी मलिक के नेतृत्व में गढ़दीवाला के वाल्मीकि समुदाय के सदस्य होशियारपुर के गढ़दीवाला बस स्टैंड पर एकत्र हुए और दसूहा-होशियारपुर मार्ग पर धरना दिया जिससे यातायात बाधित हो गया।
उन्होंने बताया कि ‘भगवान वाल्मीकि धर्म रक्षा समिति’ के दोआबा क्षेत्र के अध्यक्ष संदीप कुमार काका के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और होशियारपुर-दसूहा मार्ग पर बीचों बीच मोटरसाइकिल खड़ी करके मार्ग को बाधित कर दिया।
यह विरोध प्रदर्शन मंगलवार शाम लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर अज्ञात लोगों द्वारा डॉ. बी. आर. आंबेडकर की प्रतिमा के कथित अनादर के बाद शुरू हुआ, जिससे वाल्मीकि समाज के सदस्यों में भारी रोष व्याप्त हो गया।
‘वाल्मीकि धर्म रक्षा समिति’ के विकास हंस ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस कथित कृत्य से वाल्मीकि समाज के लोगों में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोगों के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने वाले डॉ. आंबेडकर का कथित अनादर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पुलिस घटना के जिम्मेदार लोगों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
भाषा खारी नरेश
नरेश

Facebook


