मेघालय शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित किये, 86.84 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण
मेघालय शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित किये, 86.84 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण
शिलांग, सात अप्रैल (भाषा) मेघालय स्कूली शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए। इसके मुताबिक 86.84 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जो पिछले वर्ष के 87.10 प्रतिशत से आंशिक रूप से कम है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा में कुल 48,623 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 42,228 उत्तीर्ण हुए।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में 94.14 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि 92.88 छात्राओं ने सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले हमारे प्यारे छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई। शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई, जिन्होंने अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालयों का नाम रोशन किया है! आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। आप हमेशा चमकते रहें!’’
अधिकारियों ने बताया कि शिलांग स्थित गोरखा पाठशाला हायर सेकेंडरी स्कूल के वांगल लामा ने 12वीं कक्षा की परीक्षा में 585 अंक प्राप्त करके शीर्ष स्थान प्राप्त किया है, जबकि तुरा स्थित एम्बी रोजबड हायर सेकेंडरी स्कूल के विशाल कुमार ने 576 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि शिलांग के सेवन सेट हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राजुक्ता रॉय और तुरा के पेचोन ए संगमा मेमोरियल पुलिस पब्लिक स्कूल की प्रिनीता दास ने 575-575 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम जयंतिया पर्वतीय जिला में सबसे अधिक 94.99 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं, जबकि दक्षिण पश्चिम खासी पर्वतीय जिला और पूर्वी खासी पर्वतीय जिला ने क्रमश: 94.60 प्रतिशत तथा 94.17 प्रतिशत परिणाम के साथ दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


