महबूबा मुफ्ती ने ओआईसी पर मुस्लिम जगत से ‘विश्वासघात’ का आरोप लगाया

महबूबा मुफ्ती ने ओआईसी पर मुस्लिम जगत से ‘विश्वासघात’ का आरोप लगाया

महबूबा मुफ्ती ने ओआईसी पर मुस्लिम जगत से ‘विश्वासघात’ का आरोप लगाया
Modified Date: March 3, 2026 / 01:06 pm IST
Published Date: March 3, 2026 1:06 pm IST

श्रीनगर, तीन मार्च (भाषा) पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को ‘ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन’ (ओआईसी) पर ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमलों के मुद्दे पर चुप्पी साधने को लेकर तीखा हमला बोला और कहा कि संगठन ने मुस्लिम जगत से विश्वासघात किया है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “यह अत्यंत चिंताजनक है कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान की संप्रभुता पर खुलेआम आक्रमण किए जाने के बावजूद ओआईसी मूकदर्शक बना हुआ है। ईरान के सर्वोच्च नेता की शहादत पर उसकी चुप्पी और दोष ईरान पर मढ़ने का प्रयास न केवल परेशान करने वाला, बल्कि शर्मनाक है।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ईरान पर हमलों की निंदा करने के बजाय ओआईसी ने तेहरान पर ही दोषारोपण किया।

उन्होंने कहा, “ईरान पर इस निर्लज्ज हमले की निंदा करने के बजाय उसने चुप्पी साध ली है और परोक्ष रूप से हमलावरों की कार्रवाई का समर्थन किया है। यह मुस्लिम उम्मा की सामूहिक चेतना और हितों के साथ गंभीर विश्वासघात है।”

गौरतलब है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की शनिवार तड़के अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हवाई हमलों में मौत हो गई थी।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में