महबूबा की जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल से पहलगाम हमले के बाद से बंद पर्यटन स्थल खोलने की अपील
महबूबा की जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल से पहलगाम हमले के बाद से बंद पर्यटन स्थल खोलने की अपील
(फाइल फोटो के साथ)
श्रीनगर, एक अप्रैल (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद बंद कर दिये गये पर्यटन स्थलों को खोलने की अपील की।
मुफ्ती ने बताया कि बुधवार को दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के उनके दौरे के दौरान वहां के कई प्रतिनिधिमंडलों ने उनसे मुलाकात की और पर्यटन स्थलों, विशेष रूप से पहलगाम में, बंद होने का मुद्दा उठाया।
पीडीपी प्रमुख ने पत्रकारों से कहा, “चंदनवारी बंद है, बिजबेहरा-लंगनबल मार्ग बंद है, जहां कई रिसॉर्ट स्थित हैं… इससे लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है। मैं उपराज्यपाल से बिजबेहरा-लंगनबल सड़क को खोलने की अपील करती हूं। सुरक्षा व्यवस्था की जाए, लेकिन सड़क को खोला जाना चाहिए ताकि वहां रिसॉर्ट बनाने में लाखों रुपये का निवेश करने वाले लोगों को इसका लाभ मिल सके।”
उन्होंने कहा कि पहलगाम में बैसरन और चंदनवारी जैसे पार्कों और स्थानों को बंद करने से ‘‘घोड़े वालों और अन्य लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वे लोग क्या करेंगे? एक घटना हुई (बैसरन में आतंकी हमला), लेकिन उस घटना के कारण पूरे कश्मीर को बंद नहीं किया जाना चाहिए। मैं उपराज्यपाल से इस पर विचार करने और इन स्थानों को खोलने की अपील करती हूं।’’
पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला किया था, जिसमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय टट्टू चालक मारे गए थे।
इस हमले के बाद, सुरक्षा कारणों से कई पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया था। हालांकि कई जगहों को धीरे-धीरे खोल दिया गया, लेकिन कुछ अब भी बंद हैं।
महबूबा ने एलपीजी की ‘कमी’ का जिक्र करते हुए कहा,‘‘सरकार कह रही है कि कोई कमी नहीं है, लेकिन कमी है।’’
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


