जयपुर, सात अप्रैल (भाषा) पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे के दौरान राजस्थान में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान जोधपुर जिले के फलोदी में सबसे अधिक 42.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार लगातार बारिश, बादल छाए रहने से पूरे राज्य में तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। मंगलवार सुबह तक के चौबीस घंटे के दौरान चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस व नागौर में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अनुसार आज मंगलवार को भी जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर व उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बादल छाए रहने के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।
इस दौरान जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 30 से 50 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी दी गई है।
इसी तरह बुधवार को भरतपुर, जयपुर संभाग के उत्तरी भागों में हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
वहीं नौ अप्रैल से आगामी 4-5 दिन तक अधिकांश भागों में मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने तथा 10 अप्रैल से तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की संभावना है।
भाषा पृथ्वी
मनीषा संतोष
संतोष