केरल में ट्रेन से गिरने से श्रमिक की मौत
केरल में ट्रेन से गिरने से श्रमिक की मौत
त्रिशूर (केरल), 14 जून (भाषा) केरल के त्रिशूर जिले में चालक्कुडी के पास ट्रेन से गिरने के कारण एक प्रवासी श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान बिहार के अररिया जिले के दिनेश हेम्ब्रम (32) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, हेम्ब्रम और उनके रिश्तेदार डिब्रूगढ़-कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस के अनारक्षित डिब्बे में यात्रा कर रहे थे।
उसने बताया कि डिब्बे में काफी भीड़ थी और हेम्ब्रम शनिवार रात करीब नौ बजकर 40 मिनट पर शौचालय गए थे।
पुलिस ने बताया कि जब वह शौचालय से लौट रहे थे तभी डिब्बे के दरवाजे के पास से गुजरते समय वह चलती ट्रेन से अचानक गिर गए।
इसके बाद आपात ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी गई और हेम्ब्रम को चालक्कुडी तालुक अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं और अस्पताल ले जाए जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
चालक्कुडी पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। भाषा सिम्मी शोभना
शोभना

Facebook


