धौला कुआं सबवे में प्रवासी श्रमिक की चाकू घोंपकर हत्या
धौला कुआं सबवे में प्रवासी श्रमिक की चाकू घोंपकर हत्या
नयी दिल्ली, 26 (भाषा) दक्षिण पश्चिम दिल्ली के धौला कुआं सबवे में एक बुजुर्ग की चाकू घोंपकर हत्या करने के आरोप में 48 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित 62 वर्षीय चंपई झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के रहने वाले थे और वह बृहस्पतिवार सुबह सबवे में खून से लथपथ मिले।
उनके मुताबिक, घटना की सूचना धौला कुआं पुलिस चौकी को सुबह 6.45 बजे दी गई।
दिल्ली कैंट थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने जांच में पाया कि चंपई ट्रेन से झारखंड के घाटशिला से दिल्ली आए थे और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। वह पेशे से राजमिस्री थे और काम करने के लिए राजस्थान के भिवाड़ी जा रहे थे।
वह भिवाड़ी में किराए के मकान में अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार झारखंड में रहता है।
सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से, पुलिस ने हमलावर की पहचान बिहार के बांका जिले के निवासी अनिल मंडल के रूप में की और वह पुलिस को अपराध स्थल के पास ही छुपा हुआ मिला।
मंडल ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में पहले ऑटो-रिक्शा चलाता था।
उसने पुलिस को बताया कि वह शहर छोड़कर अपने गांव चला गया लेकिन अपने परिवार के साथ झगड़े के बाद वापस लौट आया और तब से वह सड़कों पर रह रहा है।
पुलिस ने कहा कि मंडल शादीशुदा है और उसकी पांच बेटियां और एक बेटा है। उसकी पत्नी और बच्चे बिहार में अलग रहते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि चंपई और मंडल एक-दूसरे को नहीं जानते थे और पुलिस अब तक हत्या का मकसद पता नहीं लगा पाई है। शव का पोस्टमार्टम दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में कराया गया।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


