झारखंड : सोशल मीडिया पर रिश्तेदार से संपर्क में रहने के कारण नाबालिग लड़की की हत्या
झारखंड : सोशल मीडिया पर रिश्तेदार से संपर्क में रहने के कारण नाबालिग लड़की की हत्या
रांची, छह अप्रैल (भाषा) झारखंड में सोशल मीडिया पर एक रिश्तेदार से संपर्क बनाए रखने से नाराज एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बहन की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी व्यक्ति और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
रांची ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यह घटना रातू थाना क्षेत्र के झखराटांड गांव में 13 मार्च को हुई थी, लेकिन इसका खुलासा दो अप्रैल को तब हुआ जब गांव वालों ने घर में मृत्यु के बाद की जा रही कुछ रस्मों को देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा, ‘‘ पुलिस ने सुबोध और उसके बेटे राहुल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान सुबोध ने बताया कि उनकी बेटी सोशल मीडिया के माध्यम से राहुल के साले के संपर्क में थी, जिससे वह नाराज था। 13 मार्च को भाई-बहन के बीच विवाद बढ़ गया और राहुल ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।’’
पुलिस अधिकारी के मुताबिक घटना के बाद सुबोध ने अपने परिचित एक चिकित्सक को बुलाया। चिकित्सक ने लड़की (13) को मृत घोषित कर परिवार को शव का अंतिम संस्कार करने की सलाह दी। इसके बाद परिवार ने एम्बुलेंस किराए पर लेकर शव को बिहार में गया ले जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
एसपी के अनुसार, सुबोध ने इस बच्ची को बिहार के औरंगाबाद जिले से तब गोद लिया था जब वह पांच वर्ष की थी। उन्होंने बताया कि अपनी बेटी के भाग जाने के बाद उसने इस बच्ची को गोद लिया था, लेकिन राहुल शुरू से ही अपनी गोद ली हुई बहन को पसंद नहीं करता था, यहां तक कि लड़की का खाना भी अलग चूल्हे पर बनाया जाता था।
जांच के तहत पुलिस की एक टीम को औरंगाबाद भेजा गया, जहां लड़की के वास्तविक पिता ने बताया कि पत्नी की मृत्यु के बाद और स्वयं के दिव्यांग होने के कारण उन्होंने अपनी बेटी को सुबोध को सौंप दिया था।
पुलिस ने एम्बुलेंस चालक का बयान दर्ज कर लिया है और चिकित्सक की तलाश में छापेमारी कर रही है। घटना के दिन राहुल की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश

Facebook


