बिजली का तार गिरने से नाबालिग लड़की गंभीर रूप से झुलसी

बिजली का तार गिरने से नाबालिग लड़की गंभीर रूप से झुलसी

बिजली का तार गिरने से नाबालिग लड़की गंभीर रूप से झुलसी
Modified Date: April 16, 2026 / 05:07 pm IST
Published Date: April 16, 2026 5:07 pm IST

अगरतला, 16 अप्रैल (भाषा) त्रिपुरा के धलाई जिले में 13 वर्षीय एक लड़की पर बिजली का तार टूटकर गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

बुल्टी नामा को तुरंत जिला स्वास्थ्य सुविधा में ले जाया गया और अब जीबीपी अस्पताल (अगरतला) में उसका इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस प्रवक्ता राजदीप देब ने कहा, ‘लड़की बुधवार शाम अंबासा बाजार की ओर जा रही थी, तभी अचानक बिजली का तार टूटकर उस पर गिर गया और वह गंभीर रूप से झुलस गई। इससे स्थानीय लोग आक्रोश में आ गए और उन्होंने त्रिपुरा राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (टीएसईसीएल) के स्थानीय कार्यालय में तोड़फोड़ की।’

भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस दल को मौके पर भेजा गया।

उन्होंने कहा, ‘पथराव की घटना में अंबासा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी (ओसी) नंदन दास और कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। टीएसईसीएल कार्यालय के साथ-साथ पुलिस कर्मियों पर हमले के लिए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया गया है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।’

अंबासा संभाग के एक उप महाप्रबंधक (डीजीएम) और टीएसईसीएल के एक वरिष्ठ प्रबंधक को अपने कर्तव्यों में कथित लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस दिया गया है।

टीएसईसीएल के एक अधिकारी ने कहा, ‘अंबासा में लड़की पर बिजली का तार गिरने के मामले में टीएसईसीएल के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। उन्हें तीन दिन के भीतर जवाब देना होगा। कारण बताओ नोटिस का जवाब मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।’

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में