राजस्थान के अलवर में नाबालिग ने गंडासे से पिता की हत्या की

Ads

राजस्थान के अलवर में नाबालिग ने गंडासे से पिता की हत्या की

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 03:06 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 03:06 PM IST

जयपुर, 10 जून (भाषा) राजस्थान के अलवर जिले में नाबालिग लड़के ने अपने पिता की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपने पिता पर उस समय हमला किया जब वह सो रहा था। यह घटना मंगलवार रात रामकृपाल नगर में हुई।

अरावली विहार के थानाधिकरी रामेश्वर दयाल ने बताया कि हत्या के सिलसिले में 17 साल के लड़के को पकड़ा गया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि लड़के ने किराए के घर में कथित तौर पर अपने पिता पर धारदार हथियार से उस समय हमला किया जब वह सो रहा था।

मृतक के साले की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपी नाबालिग को पकड़ा गया है।

पीड़ित रोहिताश अलवर शहर में ई-रिक्शा चलाता था। पुलिस ने बताया कि घटना के समय घर पर पिता-पुत्र ही मौजूद थे। रोहिताश की पत्नी व आरोपी की मां अपने मायके गई हुई थी।

परिवार के सदस्यों के मुताबिक, लड़के ने मंगलवार देर रात अपने मामा को फोन किया और उनसे घर आकर अपने पिता को बचाने के लिए कहा। जब वह घर पहुंचा तो उन्होंने पीड़ित को खून से लथपथ हालत में पाया। उसकी गर्दन पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा पृथ्वी गोला

गोला