अल्पसंख्यक समिति के प्रमुख ने नवनीत राणा पर सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश का आरोप लगाया
अल्पसंख्यक समिति के प्रमुख ने नवनीत राणा पर सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश का आरोप लगाया
नागपुर/अमरावती, 17 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने शुक्रवार को पूर्व सांसद नवनीत राणा पर आरोप लगाया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो क्लिप के प्रसार से जुड़े मामले के बाद अमरावती में जानबूझकर सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश की।
खान ने उस आरोप को लेकर अमरावती की पूर्व सांसद को भाजपा से निष्कासित करने की मांग की है, जिसमें उन्होंने (राणा ने) कहा था कि मामले के सभी पीड़ित हिंदू, जबकि आरोपी मुस्लिम समुदाय से जुड़े हैं।
सोशल मीडिया मंचों पर नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो क्लिप और तस्वीरें प्रसारित करने के सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ग्यारह अप्रैल को कुछ वेबसाइट पर वीडियो देखे जाने के बाद जांच शुरू हुई।
यद्यपि किसी भी पीड़िता ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारियां की हैं।
खान ने एक प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि नवनीत राणा जानबूझकर जिले में हिंदू-मुस्लिम संघर्ष भड़काने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने अफवाह फैलाने वाले नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
राज्य अल्पसंख्यक आयोग के प्रमुख ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में अमरावती पुलिस आयुक्त राकेश ओला से बात की है।
उन्होंने कहा, “…’सबका साथ, सबका विकास’ के नारे पर चलने वाली भाजपा में नवनीत राणा जैसे नेताओं की कोई जरूरत नहीं है। इसलिए उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि वे इस मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखेंगे।
खान ने बताया कि उन्होंने कुछ पीड़ितों के अभिभावकों से मुलाकात की और दावा किया कि उन्होंने राणा के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


