मीरवाइज ने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की
मीरवाइज ने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की
श्रीनगर, 22 अप्रैल (भाषा) कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने बुधवार को पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
मीरवाइज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर, हम उन सभी को गहरे शोक के साथ याद करते हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई और उनके परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं, जो इस त्रासदी के दर्द को आज भी सह रहे हैं, और दुर्भाग्य से हमेशा सहते रहेंगे।’’
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं जम्मू-कश्मीर के उन लोगों के घावों को फिर से हरा कर देती हैं, जिन्होंने ‘‘इसी तरह की त्रासदियों’’ का सामना किया है।
मीरवाइज उमर फारूक ने कहा, ‘‘हर साल कैलेंडर में आने वाली ये तारीखें पिछले तीन दशकों में गाव कदल, जकूरा, हावल, सोपोर, वंधामा, चिट्टीसिंहपुरा आदि स्थानों पर देखी गईं ऐसी ही त्रासदियों के घावों को फिर से हरा कर देती हैं। हजारों अनमोल जीवन संघर्ष की भेंट चढ़ गए।’’
उन्होंने प्रार्थना की कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
मीरवाइज ने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर के लोगों का अहिंसा और बातचीत के माध्यम से गरिमापूर्ण स्थायी शांति में विश्वास और आकांक्षा अटूट बनी हुई है। हम आशा और प्रार्थना करते हैं कि ऐसी भयावह घटनाएं हमेशा के लिए अतीत की बात बन जाएं।’’
पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष इसी दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकतर पर्यटक थे।
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


