मिजोरम के मुख्यमंत्री ने जेडपीएम-राजग गठबंधन का दावा खारिज किया
मिजोरम के मुख्यमंत्री ने जेडपीएम-राजग गठबंधन का दावा खारिज किया
आइजोल, 24 जून (भाषा) मिजोरम के मुख्यमंत्री और जोरम पीपल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के नेता लालदुहोमा ने बुधवार को केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ किसी भी औपचारिक गठबंधन की संभावना को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उस गठबंधन में शामिल होना पार्टी के एजेंडे में न तो कभी था और न ही अब है।
उनका यह बयान ऐसे दावों के बीच आया है कि सत्ताधारी जेडपीएम औपचारिक रूप से राजग गठबंधन में शामिल हो गई है।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन में लालदुहोमा ने कहा कि पार्टी केंद्र के साथ अच्छे संबंध को महत्व देती है, लेकिन राजग के साथ औपचारिक गठबंधन की तत्काल कोई आवश्यकता नहीं देखती।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जेडपीएम, राष्ट्रीय नजरिए वाली एक क्षेत्रीय राजनीतिक शक्ति के तौर पर अपनी पहचान बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
लालदुहोमा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राष्ट्रीय नेताओं ने पार्टी को गठबंधन में शामिल होने के लिए बार-बार न्योता दिया है, लेकिन जेडपीएम ने औपचारिक रूप से जुड़ने के बजाय सहयोगपूर्ण संबंध बनाए रखने को प्राथमिकता दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार बनने के बाद जब हम पहली बार मिले तब से लेकर अब तक प्रधानमंत्री और गृहमंत्री लगातार हमें अपने साथ जुड़ने के लिए आमंत्रित करते रहे हैं। हालांकि, हम आम तौर पर अच्छे संबंध बनाए रखते हुए यह कहकर अलग रहते हैं कि ‘आइए कार्य करने के अच्छे संबंध बनाए रखें; हम व्यावहारिक रूप से आपके साथ ही हैं।’ तो क्या वास्तव में अभी हमारे लिए आधिकारिक रूप से जुड़ना जरूरी है?”
लालदुहोमा ने कहा, “हम राजग में शामिल नहीं हुए हैं। जबकि अन्य दलों ने ऐसा किया है, हमने एक अलग रास्ता चुना है। हम केंद्र सरकार के साथ बहुत अच्छे संबंध बनाए रखना चाहते हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर शामिल होने का इरादा नहीं है।”
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


