मिजोरम सरकार 14 अप्रैल को एचपीसी (डी) के साथ शांति समझौता करेगी: अधिकारी
मिजोरम सरकार 14 अप्रैल को एचपीसी (डी) के साथ शांति समझौता करेगी: अधिकारी
आइजोल, नौ अप्रैल (भाषा) मिजोरम सरकार 14 अप्रैल को हमार पीपुल्स कन्वेंशन (डेमोक्रेटिक) या एचपीसी (डी) के लालमिंगथांगा सनाते के नेतृत्व वाले गुट के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर करेगी। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह समूह राज्य में सक्रिय विद्रोही गुटों में से अंतिम है।
अधिकारी ने बताया कि यह घोषणा बृहस्पतिवार को गृह मंत्री के सपडांगा की अध्यक्षता में आइजोल में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान की गई, जिसमें एचपीसी (डी) के सदस्यों की घर वापसी के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक योजनाओं के अनुसार, समझौता ज्ञापन (एमओएस) पर मिजोरम सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य के गृह सचिव और समूह की ओर से एचपीसी (डी) के अध्यक्ष लालमिंगथांगा सनाते के बीच निर्धारित तिथि पर राज्य के पूर्वोत्तर भाग में स्थित मणिपुर की सीमा से लगे आइजोल जिले के सकावरदाई गांव में हस्ताक्षर किए जाएंगे।
अधिकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार (राजनीतिक) और विधायक लालमुआनपुइया पुंटे तथा अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और गृह, कानून, वित्त और सूचना विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और यह निर्णय लिया गया कि समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद समूह के सदस्य राज्य सरकार द्वारा व्यवस्थित किए जाने वाले अस्थायी आवासों या शिविरों में चले जाएंगे, जब तक कि 30 अप्रैल को आइजोल से लगभग 40 किलोमीटर दूर सेसावंग में पुलिस के केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में हथियार सौंपने का कार्यक्रम आयोजित नहीं हो जाता।
अधिकारी के अनुसार, एचपीसी (डी) के 43 सदस्य आत्मसमर्पण करेंगे, ताकि वे मुख्यधारा में वापस लौट सकें।
एचपीसी (डी) का सनाते के नेतृत्व वाला गुट तीन हमार विद्रोही समूहों में से आखिरी है, जिसने 1986 से मिजोरम में एक राजनीतिक आंदोलन का नेतृत्व किया है।
भाषा देवेंद्र पारुल
पारुल

Facebook


