कोलकाता में अमेरिकन सेंटर हमले के मुख्य साजिशकर्ता की कोठरी से मोबाइल फोन, नकदी जब्त

Ads

कोलकाता में अमेरिकन सेंटर हमले के मुख्य साजिशकर्ता की कोठरी से मोबाइल फोन, नकदी जब्त

  •  
  • Publish Date - August 29, 2026 / 01:43 PM IST,
    Updated On - August 29, 2026 / 01:43 PM IST

कोलकाता, 29 अगस्त (भाषा) कोलकाता में 2002 में हुए अमेरिकन सेंटर हमले के मुख्य साजिशकर्ता एवं सजायाफ्ता आफताब अहमद अंसारी की जेल की कोठरी से तीन मोबाइल फोन, वाई-फाई उपकरण और 31,000 रुपये जब्त किए गए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यहां जेल में हुई इस बरामदगी के बाद अधिकारियों ने हेस्टिंग्स थाने में मामला दर्ज कराया गया, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।

अमेरिकन सेंटर हमला मामले में दोषी अंसारी आजीवन कारावास की सजा काट रहा है और वह कोठरी नंबर 14 में बंद है।

जेल के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि खुफिया जानकारी मिली थी कि अंसारी जेल के अंदर कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है और उसके पास इंटरनेट की सुविधा भी है जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘उसके कपड़ों और बिस्तरों से तीन मोबाइल फोन मिले, जबकि दो राउटर, एक वाई-फाई उपकरण, एक पेन ड्राइव और एक इयरफोन भी जब्त किया गया।’’

अधिकारी ने बताया कि उसकी कोठरी से 31,000 रुपये भी बरामद किए गए।

उन्होंने कहा कि जांचकर्ता यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या देश के बाहर अंसारी के संपर्कों पर फोन किए गए थे।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल