रक्षा मंत्रालय ने 160 सैटेलाइट स्मार्ट एंटी-एयरफील्ड हथियारों के लिए बीडीएल के साथ करार किया
रक्षा मंत्रालय ने 160 सैटेलाइट स्मार्ट एंटी-एयरफील्ड हथियारों के लिए बीडीएल के साथ करार किया
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) सरकार ने भारतीय वायुसेना के लिए 160 सैटेलाइट स्मार्ट एंटी-एयरफील्ड हथियार (एसएटी-एसएएडब्ल्यू) और संबंधित उपकरणों की खरीद के लिए बुधवार को भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) के साथ करीब 811 करोड़ रुपये का एक अनुबंध किया। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय ने दी।
मंत्रालय ने कहा कि एसएटी-एसएएडब्ल्यू एक हवा से जमीन पर मार करने वाला सटीक निर्देशित ग्लाइड बम है, जिसे जगुआर, हॉक और सुखोई-30 एमकेआई जैसे विमानों से छोड़ा जा सकता है। उसने कहा कि इसमें दुश्मन के हवाई अड्डों को लंबी दूरी से निष्क्रिय करने की क्षमता है।
एसएटी-एसएएडब्ल्यू की आपूर्ति वर्ष 2027-28 और 2028-29 के बीच निर्धारित है।
मंत्रालय ने कहा, “इसके शामिल होने से निश्चित रूप से भारतीय वायुसेना की निर्बाध अभियान संचालित करने की क्षमता बढ़ेगी और देश की रक्षा तैयारियां मजबूत होंगी।”
मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में ‘खरीद (भारतीय-स्वदेशी रूप से डिजाइन, विकसित और निर्मित)’ श्रेणी के तहत वायुसेना के लिए 160 एसएटी-एसएएडब्ल्यू और संबंधित उपकरणों की खरीद के लिए बीडीएल के साथ कुल 810.79 करोड़ रुपये का अनुबंध किया गया।
मंत्रालय ने कहा, “डीआरडीओ द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित इस प्रणाली में 60 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री होगी। इसके अलावा उप-प्रणालियों के स्वदेशीकरण से रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को और बढ़ावा मिलेगा।”
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


