मोदी सरकार ने रेलवे में असंभव को संभव कर दिखाया है: भाजपा
मोदी सरकार ने रेलवे में असंभव को संभव कर दिखाया है: भाजपा
नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारतीय रेल से जुड़ी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सोमवार को लोकसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने रेलवे में अंसभव को भी संभव कर दिखाया है।
भाजपा सांसद गणेश सिंह ने वर्ष 2026-27 के लिए रेल मंत्रालय के नियंत्रणाधीन अनुदान की मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि पिछले 10-11 वर्षों में रेलवे ने जो प्रगति की है, उसके लिए प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद किया जाना चाहिए।
उनका कहना था, ‘‘रेलवे में जो असंभव दिख रहा था, वो संभव हो गया है।’’
कांग्रेस सदस्य तारिक अनवर की एक टिप्पणी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आगामी वित्त वर्ष में रेलवे की राजस्व प्राप्तियां 3,20,500 करोड़ रुपये होंगी…कुल राजस्व व्यव 2,99,500 करोड़ रुपये का है…वह (तारिक अनवर) किस आधार पर कह रहे हैं कि राजस्व प्राप्ति में कमी आई है।’’
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद 34 हजार किलोमीटर से अधिक रेलवे पटरी बिछाई गई है।
भाजपा सांसद ने कहा कि आज कश्मीर भी रेल के नेटवर्क से जड़ चुका है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत अब विश्व का दूसरा सबसे बड़ा माल परिवहन नेटवर्क बन गया है।’’
सिंह ने कहा कि रेल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है जिसके तहत कई पहल की गई हैं।
उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार पूंजीगत व्यय और अन्य कई पैमानों पर पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार से कहीं आगे है।
भाजपा सांसद ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत को रेलवे संपर्क से जोड़़ने के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं और इस क्षेत्र में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र सतना में रेलवे से संबंधित कुछ मांगे भी रखीं।
भाषा हक हक वैभव
वैभव

Facebook


