मोदी सिर्फ वोट की भाषा समझते हैं, गोवा में भाजपा हारी तो केंद्र वापस लेगा ई20 नीति: केजरीवाल

मोदी सिर्फ वोट की भाषा समझते हैं, गोवा में भाजपा हारी तो केंद्र वापस लेगा ई20 नीति: केजरीवाल

मोदी सिर्फ वोट की भाषा समझते हैं, गोवा में भाजपा हारी तो केंद्र वापस लेगा ई20 नीति: केजरीवाल
Modified Date: August 8, 2026 / 09:06 pm IST
Published Date: August 8, 2026 9:06 pm IST

पणजी, आठ अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह केवल ‘वोट की भाषा’ समझते हैं। उन्होंने लोगों से 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने की अपील की।

मडगांव में आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा की हार से ‘प्रधानमंत्री मोदी का अहंकार चकनाचूर हो जाएगा।’

उन्होंने दावा किया कि गोवा में भाजपा की हार प्रधानमंत्री को ई20 पेट्रोल मिश्रण नीति वापस लेने के लिए मजबूर कर देगी।

केजरीवाल ने कहा, ‘मोदी किसी की नहीं सुनते। उन्हें लगता है कि वह हमेशा चुनाव जीत जाएंगे। उन्हें लगता है कि चाहे वह कुछ भी करें, लोग उन्हें वोट देते रहेंगे।’

उन्होंने गोवा में एक व्यक्ति से हुई कथित बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के मतदाता भाजपा को हराकर ‘मोदी को पसीना छुड़वा सकते हैं।’

केजरीवाल ने कहा, ‘अगर इस बार मोदी सोच रहे हैं कि भाजपा गोवा में जीत जाएगी… अगर गोवा के लोग एकजुट होकर भाजपा को हरा देते हैं तो मोदी का अहंकार टूट जाएगा।’

नयी दिल्ली में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए (जिसके कारण तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था) केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार को कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि उसे लगा कि जनता का समर्थन उसके खिलाफ हो रहा है।

उन्होंने कहा, ‘जब बात वोट की आती है, तभी मोदी जी समझते हैं। वह केवल वोट की भाषा समझते हैं और कोई दूसरी भाषा नहीं समझते।’

केजरीवाल ने दावा किया कि यदि भाजपा गोवा विधानसभा चुनाव हार जाती है तो केंद्र सरकार 15 मार्च 2027 तक ई20 पेट्रोल मिश्रण नीति वापस ले लेगी।

उन्होंने कहा, ‘इस बार अगर गोवा के लोग एकजुट होकर भाजपा को हरा देते हैं तो परिणाम 10 मार्च (2027) को आएंगे। आप इसे लिखकर रख लें, 15 मार्च तक मोदी जी ई20 नीति वापस ले लेंगे।’

गोवा विधानसभा की 40 सीट में आप के दो विधायक हैं और पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

भाषा

शुभम माधव

माधव


लेखक के बारे में