बिहार में पहले चरण की वोटिंग जारी, आज पीएम मोदी तीन चुनावी रैलियों को करेंगे संबोधित
बिहार में पहले चरण की वोटिंग जारी, आज पीएम मोदी तीन चुनावी रैलियों को करेंगे संबोधित
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (भाषा) । बिहार विधानसभा आम चुनाव के पहले चरण में 16 जिलों की 71 सीटों पर सख्त सुरक्षा के बीच मतदान शुरु हो गया । इन सीटों पर मतदान के साथ ही 1066 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। उम्मीदवारों में आठ मंत्री सहित 952 पुरुष व 114 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- न्यायाधीश: स्तंभकार के मानहानि वाद में ट्रंप की जगह नहीं ले सकता ‘अ…
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। यह जानकारी भाजपा महासचिव व बिहार के प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने दी।
यादव ने ट्वीट कर बताया, ‘‘कल 28 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार के दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। आपका स्वागत है प्रधानमंत्री जी।’’
प्रधानमंत्री की पहली रैली दरभंगा के राज मैदान में सुबह 10 बजे होगी। इसके बाद वह मुजफ्फरपुर के मोतीपुर चीनी मिल स्थित पचरुखी मैदान में दूसरी जनसभा को संबोधित करेंगे।
ये भी पढ़ें- पोम्पिओ दो दिन की श्रीलंका की यात्रा पर आएंगे
दिन की आखिरी रैली प्रधानमंत्री पटना हवाई अड्डे के निकट स्थित वेटनरी काफलेज कैंपस में होगी। प्रधानमंत्री की इस रैली का डिजीटल माध्यम से सीधा प्रसारण पटना के लगभग 300 मैदानों में किया जाएगा।
बिहार में दूसरे चरण के चुनाव के तहत पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, नालंदा व पटना जिलों की 94 सीटों पर आगामी तीन नवंबर को मतदान होगा।
प्रधानमंत्री इससे पहले बिहार में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित कर चुके हैं। उन्होंने सासाराम, गया और भागलपुर में रैलियों को संबोधित किया था।
बिहार में भाजपा और जनता दल (यूनाईटेड) के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) का गठबंधन है। राजग के मुकाबले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व में कांग्रेस और वामपंथी दलों का महागठबंधन मैदान में है।
केंद्र में भाजपा की सहयोगी और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान द्वारा गठित लोक जनशक्ति पार्टी अकेले चुनाव मैदान में है जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सहित कुछ छोटे दलों का गठबंधन भी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहा है।
बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में, 28 अक्टूबर यानि आज (71 सीटों), 3 नवंबर (94 सीटों) और 7 नवंबर (78 सीटों) होगा। मतगणना 10 नवंबर को होगी।

Facebook


