मोदी की पांच देशों की यात्रा से देश के हर वर्ग के हित में “ठोस परिणाम” हासिल हुए : गोयल
मोदी की पांच देशों की यात्रा से देश के हर वर्ग के हित में “ठोस परिणाम” हासिल हुए : गोयल
नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांच देशों की यात्रा से देश के हर वर्ग के हित में “ठोस परिणाम” हासिल हुए हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री को “गद्दार” कहे जाने पर तीखा पलटवार किया।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित ‘प्रेस वार्ता’ को संबोधित करते हुए गोयल ने प्रधानमंत्री की हाल में संपन्न यूएई, नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और इटली की यात्रा के परिणामों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मोदी इस दौरे से देश के हर वर्ग के लिए “कुछ न कुछ” लेकर लौटे हैं।
गोयल ने कहा कि चाहे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना हो, रक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाना हो, विदेशी निवेश आकर्षित करना हो या निर्यात बढ़ाना — प्रधानमंत्री की इस विदेश यात्रा से विभिन्न क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि अपने पांच दिवसीय विदेश दौरे के दौरान प्रधानमंत्री को तीन अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘एक ओर पूरा विश्व प्रधानमंत्री मोदी पर अपार विश्वास जताता है, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी, जिनकी सोच नकारात्मक है, अपने शब्दों और भाषा के माध्यम से बार-बार अपना असली स्वभाव और चरित्र उजागर करते हैं।”
गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिये ओछी भाषा का इस्तेमाल करना और अपशब्द कहना “वास्तव में निंदनीय” है।
मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे बताइए, क्या नक्सलवाद का अंत करना ‘गद्दारी’ का काम है, या वर्षों तक कांग्रेस के शासन में नक्सलवाद को बढ़ने देना असली ‘गद्दारी’ थी? क्या तिरंगे का वैश्विक सम्मान बढ़ाना ‘गद्दारी’ है?”
उन्होंने सवाल किया, “या उसे ‘गद्दारी’ माना जाएगा जब कोई विदेश जाकर भारत के तिरंगे का अपमान करता है?’’
वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, “क्या आतंकवाद की कमर तोड़कर उसे करारा जवाब देना ‘गद्दारी’ माना जाएगा, या फिर आतंकवादियों को बिरयानी खिलाने और उनसे समझौते करने को ‘गद्दारी’ कहा जाना चाहिए?”
गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को सुरक्षित रखा है, जो उनके “सच्चे देशभक्त” होने को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार जिस तरह घुसपैठियों को संरक्षण देते हैं, वह ‘गद्दारी’ है।”
गांधी ने बुधवार को अपने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को “देशद्रोही” कहा था।
गोयल ने कहा, “गालियां देना कमजोर लोगों का हथियार होता है। स्पष्ट है कि देश अब राहुल गांधी और गांधी परिवार की कमजोरियों तथा कांग्रेस पार्टी की विफलताओं को देख रहा है।”
उन्होंने कहा कि देश यह भी देख रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है और उसका वैश्विक कद भी बढ़ा है।
गोयल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री को लगातार इसलिए गालियां देते रहते हैं क्योंकि उनकी पार्टी को जनता ने बार-बार नकार दिया है।
भाषा रंजन अविनाश
अविनाश

Facebook


