मोगा उपायुक्त ने ‘आप’ प्रत्याशी को अनुचित लाभ दिलाने के लिए पीसीएस अफसर को प्रताड़ित किया: विपक्ष

मोगा उपायुक्त ने ‘आप’ प्रत्याशी को अनुचित लाभ दिलाने के लिए पीसीएस अफसर को प्रताड़ित किया: विपक्ष

मोगा उपायुक्त ने ‘आप’ प्रत्याशी को अनुचित लाभ दिलाने के लिए पीसीएस अफसर को प्रताड़ित किया: विपक्ष
Modified Date: March 23, 2026 / 11:03 am IST
Published Date: March 23, 2026 11:03 am IST

चंडीगढ़, 23 मार्च (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और कांग्रेस ने दावा किया है कि मोगा के उपायुक्त ने बाघापुराना पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों को निर्वाचित कराने के लिए पंजाब प्रशासनिक सेवा (पीसीएस) एक अधिकारी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, पार्टी नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और कांग्रेस नेता पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा तथा परगत सिंह ने रविवार को पीसीएस अधिकारी एवं बाघापुराना के उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) बबनदीप सिंह वालिया का एक कथित पत्र साझा किया।

इस पत्र में मोगा के उपायुक्त एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी सागर सेतिया के खिलाफ शिकायत की गई है।

हालांकि, सेतिया ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पंचायत समिति के सदस्यों से मिली शिकायतों के आधार पर वालिया के खिलाफ पहले से ही जांच की जा रही है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब राज्य के भंडारण निगम के अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या को लेकर ‘आप’ सरकार विपक्ष के निशाने पर है। विपक्ष पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

एसएडी और कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रस्तुत कथित पत्र के अनुसार, एसडीएम वालिया ने रविवार को मुख्य सचिव को भेजी शिकायत में आरोप लगाया कि बाघापुराना पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के सिलसिले में सेतिया ने उन्हें अत्यधिक प्रताड़ित किया।

वालिया ने दावा किया कि 17 मार्च के लिए निर्धारित चुनाव प्रक्रिया स्थल पर उत्पन्न कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण संपन्न नहीं हो सके और इसकी सूचना समय रहते उपायुक्त को दे दी गई थी।

शिकायत में कहा गया है कि यह सब घटनाक्रम बाहरी कारणों से प्रेरित प्रतीत होती है, जिसका उद्देश्य स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के सिद्धांतों के विपरीत किसी विशेष उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव परिणाम घोषित कराना है।

शिअद अध्यक्ष बादल ने आरोप लगाया कि वालिया को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर आप उम्मीदवारों को निर्वाचित कराने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी दावा किया कि एसडीएम पर नियमों के विरुद्ध कार्य करने का दबाव बनाया गया।

कांग्रेस नेता बाजवा ने ‘आप’ सरकार की आलोचना करते हुए कहा, “गगनदीप सिंह रंधावा की मृत्यु के बाद अब यह चिंताजनक खबर सामने आई है कि बाघापुराना के एसडीएम बबनदीप सिंह वालिया पर आप उम्मीदवारों के पक्ष में निर्णय लेने का दबाव बनाया जा रहा है। क्या अधिकारियों को राजनीतिक एजेंट बना दिया गया है? यह लोकतंत्र और शासन पर सीधा हमला है। अधिकारियों पर दबाव और मानसिक उत्पीड़न तुरंत बंद होना चाहिए।”

मोगा के उपायुक्त सागर सेतिया ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति के सदस्यों द्वारा दर्ज शिकायतों के आधार पर एसडीएम के खिलाफ जांच पहले से जारी है।

भाषा खारी जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में