22 दिनों में संक्रमण दर 25 से घटकर 6.6 फीसदी हुई.. कोरोना से जंग में जीत की ओर भारत
22 दिनों में संक्रमण दर 25 से घटकर 6.6 फीसदी हुई.. कोरोना से जंग में जीत की ओर भारत
नई दिल्ली, दो जून (भाषा) भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,32,788 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 2,83,07,832 पर पहुंच गयी है जबकि संक्रमण की दैनिक दर गिरकर 6.57 प्रतिशत रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस महामारी से 3,207 और लोगों ने जान गंवा दी है और इसके साथ ही मृतकों की संख्या 3,35,102 पर पहुंच गयी है। सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, लगातार दूसरे दिन उपचाराधीन मरीजों की संख्या 20 लाख से कम दर्ज की गई है।
कोरोना संक्रमण में लगातार कमी आ रही है और पिछले 22 दिनों के भीतर संक्रमण दर 24.8 फीसदी से घटकर मंगलवार को 6.6 फीसदी रह गई है। इसके साथ ही नए संक्रमण और मौतों का आंकड़ा भी लगातार कम हो रहा है। स्वस्थ होने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है जिससे सक्रिय मरीजों की संख्या घट रही है।स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 10 मई को कोरोना की संक्रमण दर 24.8 दर्ज की गई थी। तभी से इसमें लगातार कमी आ रही है। मंगलवार को यह घटकर 6.6 रह गई है, जबकि 10 मई को यह चार गुना अधिक थी। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार यदि संक्रमण दर पांच फीसदी से नीचे आ जाती है तो काफी हद तक वह नियंत्रण योग्य मानी जाती है। इस प्रकार अगले कुछ दिनों में स्थिति नियंत्रण में आने की संभावना है।
पढ़ें- रद्द हो सकती है 12वीं बोर्ड की परीक्षा, स्कूल शिक्षा मंत्री आज लेंगे अहम बैठक
इस बीच मंत्रालय ने कहा कि देश में पिछले 54 दिनों के बाद 24 घंटे में कोविड-19 के सबसे कम 1,27,510 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 2,81,75,044 हो गई।
पढ़ें- लाखों कर्मचारियों की रुक सकती है पेंशन.. रिटायर्मेंट के बाद बरते सावधानी…जानें सरकार का नया नियम
मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को 20,19,773 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। अभी तक देश में कुल 35,00,57,330 नमूनों की जांच की जा चुकी है जबकि संक्रमण की दैनिक दर 6.57 प्रतिशत दर्ज की गई। संक्रमण दर लगातार नौवें दिन 10 प्रतिशत से कम रही है। संक्रमण की साप्ताहिक दर गिरकर 8.21 प्रतिशत रह गयी है। इलाज करा रहे इस महामारी के मरीजों की संख्या घटकर 17,93,645 रह गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 6.34 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से उबरने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 92.48 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण के मामलों में 1,01,875 की कमी आई है।
पढ़ें- 12 हफ्तों के अंतराल पर ही लगेगी 2 डोज.. कोविशील्ड टीका लगाने की नीति में बदलाव नहीं.. जानिए
आंकड़ों के मुताबिक, लगातार 20वें दिन स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या संक्रमण के नए मामलों से अधिक रही है। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,61,79,085 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी।
वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार और चार मई को दो करोड़ के पार चले गए। देश में इस महामारी से जिन 3,207 लोगों ने जान गंवाई है उनमें से सबसे अधिक 854 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद तमिलनाडु में 490, कर्नाटक में 464, केरल में 194, उत्तर प्रदेश में 175, पश्चिम बंगाल में 137 और आंध्र प्रदेश में 104 लोगों की मौत हुई।
कोरोना वायरस से अभी तक 3,35,102 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 96,198 लोगों की मौत महाराष्ट्र में, 29,554 की कर्नाटक, 24,722 की तमिलनाडु, 24,299 की दिल्ली, 20,672 की उत्तर प्रदेश, 15,678 की पश्चिम बंगाल, 14,649 की पंजाब और 13,077 लोगों की मौत छत्तीसगढ़ में हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

Facebook


