दिल्ली के आया नगर जिम ट्रेनर हत्याकांड में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल फरीदाबाद से बरामद

Ads

दिल्ली के आया नगर जिम ट्रेनर हत्याकांड में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल फरीदाबाद से बरामद

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 04:25 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 04:25 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) दक्षिण दिल्ली के आया नगर में 28 वर्षीय एक ‘जिम ट्रेनर’ की हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल हरियाणा में फरीदाबाद के तिगांव से बरामद कर ली गई है, जबकि पुलिस टीम मामले में दो संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि संदिग्धों की पहचान आया नगर निवासी अंकुश और रोहित उर्फ फेटू के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि माना जा रहा है कि दोनों उन चार लोगों में शामिल हैं जो सोमवार को फतेहपुर बेरी इलाके में हंसा चौक के पास दो मोटरसाइकिलों से आए थे और ‘जिम ट्रेनर’ विजय कुमार पर गोलियां चला दी थीं।

शुरुआत में पुलिस ने कहा था कि इस हत्या में दो व्यक्ति शामिल थे, लेकिन बाद में दो और लोगों के नाम सामने आए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने तिगांव से एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जो कमल अधाना का पैतृक गांव है।

अधिकारियों के मुताबिक विजय कुमार की हत्या के सिलसिले में पुरानी रंजिश में कथित साजिशकर्ता के रूप में कमल की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस मोटरसाइकिल के मालिक एवं उसका इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति का पता लगा रही है और यह भी जांच कर रही है कि हत्या के बाद यह बाइक तिगांव कैसे पहुंची। पुलिस संदिग्धों के भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने चार कथित शूटर में से दो की पहचान अंकुश और रोहित के रूप में की है, जबकि अन्य दो व्यक्तियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पहचाने गए संदिग्धों का पता लगाने के लिए कई पुलिस टीम उनके छिपने के संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

जांचकर्ता दो संदिग्धों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या से पहले वे किसके संपर्क में थे।

उन्होंने कहा कि गोलीबारी के समय अपराध स्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की पहचान करने के लिए क्षेत्र के ‘डंप डेटा’ का भी विश्लेषण किया जा रहा है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विजय की हत्या पुरानी रंजिश और बदला लेने के भाव का नतीजा थी या फिर किसी नए विवाद से उपजी थी। विजय का छोटा भाई अजय फिलहाल अरुण लोहिया की हत्या के सिलसिले में तिहाड़ जेल में बंद है। पुलिस ने इस बात को जांच में एक अहम कड़ी माना है।

सूत्रों ने बताया कि रंजिश की शुरुआत अरुण और रतन लोहिया के बेटे दीपक के बीच हुए विवाद से हुई थी, जो पहले दोस्त थे। वित्तीय विवाद को लेकर कथित तौर पर उनके संबंधों में खटास आ गई थी, जिसके बाद अरुण ने दीपक के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी। इसके बाद अप्रैल 2025 में छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास अरुण की हत्या कर दी गई थी।

विजय के दूर के रिश्तेदार और 55 वर्षीय डेयरी व्यवसायी रतन लोहिया की बाद में नवंबर 2025 में आया नगर में हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या विजय की हत्या भी हिंसा के इसी सिलसिले से जुड़ी है।

सूत्रों ने बताया कि अरुण के मामा कमल अधाना और उसके छोटे भाई अंकित ने अरुण की हत्या के बाद कथित तौर पर बदला लेने की बात कही थी। कमल फिलहाल रतन लोहिया की हत्या के सिलसिले में जेल में बंद है, जबकि माना जा रहा है कि अंकित दुबई चला गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस उसकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है और उसके पिता रामवीर लोहिया व परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर सकती है।

जांचकर्ता रतन लोहिया हत्या के मामले के सिलसिले में जेल में बंद आरोपियों से पूछताछ करने पर विचार कर रहे हैं, जिनमें कमल, अनुज उर्फ फाइटर और नरेंद्र उर्फ नीटू आदि शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि जरूरत पड़ने पर गैंगस्टर रोहित चौधरी और रणदीप भाटी से भी पूछताछ की जा सकती है।

पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है कि रंजिश में जमीन विवाद और कबाड़ व्यवसायियों से रंगदारी वसूलना शामिल था। लगातार हुई हत्याओं में संगठित अपराध नेटवर्क की संभावित संलिप्तता और सुपारी देकर शूटर बुलाए जाने की भी जांच की जा रही है।

विजय कुमार की सोमवार सुबह करीब 10 बजे हंसा चौक के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि हमले के दौरान करीब 15 गोलियां चलाई गईं।

दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत दुश्मनी की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ द्वारा जारी किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच की जा रही है, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।

भाषा नोमान नोमान राजकुमार

राजकुमार