नड्डा ने डेंगू, मलेरिया से निपटने से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की
नड्डा ने डेंगू, मलेरिया से निपटने से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की
नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को देश भर में डेंगू और मलेरिया की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और मच्छरों से फैलने वाली इन बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत पर जोर दिया।
मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक में, नड्डा ने मानसून के दौरान और मानसून के बाद के महीनों में डेंगू और मलेरिया से निपटने के लिए समय रहते तैयारी करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य के मोर्चे पर तत्परता से कदम उठाने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रोग के प्रसार की रोकथाम और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी नयी चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र सरकार, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन, स्थानीय अधिकारियों और स्वास्थ्य सेवा संस्थानों के बीच आपसी तालमेल और मिलकर प्रयास करने की बहुत जरूरत है।
नड्डा ने सभी राज्यों को निर्देश दिया कि वे रोग के मामलों और प्रकोप का जल्द पता लगाने के लिए अपनी निगरानी प्रणाली को मजबूत करें। उन्होंने संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिए तुरंत सूचना देने, सक्रियता से निगरानी और तेजी से कार्रवाई करने वाली प्रणाली के महत्व को रेखांकित किया।
नड्डा ने देश भर के अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को पूरी तरह तैयार रहने और दवाओं, जांच सुविधाओं, अस्पताल में बिस्तरों और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मरीज देखभाल सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहनी चाहिए और अगर मरीजों की संख्या बढ़ती है तो स्वास्थ्य संस्थानों को उन्हें प्रभावी ढंग से संभालने के लिए तैयार रहना चाहिए।
मंत्री ने डेंगू और मलेरिया के लिए मानक उपचार दिशानिर्देशों और नैदानिक प्रबंधन प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों को जांच, उपचार और रोग के प्रबंधन के नवीनतम प्रोटोकॉल के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार हो सके और जटिलताओं को कम किया जा सके।
निवारक उपायों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए, नड्डा ने संवेदनशील इलाकों में मच्छर-जनित बीमारियों की रोकथाम की गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिये।
उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है और तैयारियों व उनसे निपटने के उपायों को मजबूत करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।
भाषा सुभाष माधव
माधव

Facebook


