कोहिमा, 13 मार्च (भाषा) नगालैंड सरकार ने लोगों को आश्वस्त किया है कि राज्य में रसोई गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है और वह घबराएं नहीं। सरकार ने उपभोक्ताओं से अनावश्यक जमाखोरी नहीं करने का आग्रह किया है।
यहां शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राज्य में एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता का आकलन करने के लिए हुई बैठक के बाद यह आश्वासन दिया गया।
कोहिमा, दीमापुर और चुमौकेदिमा जिलों के उपायुक्तों, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों और तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को हुई बैठक में भाग लिया।
मौजूदा भंडार की स्थिति की समीक्षा करने के बाद विभाग ने कहा कि बाजार में रसोई गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और पूरे राज्य में आपूर्ति स्थिर बनी हुई है।
इस स्थिति के मद्देनजर विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट में एलपीजी सिलेंडर की खरीदारी या जमाखोरी कर खुद किल्लत उत्पन्न नहीं करें।
विभाग ने वितरकों, खुदरा विक्रेताओं और व्यक्तियों को यह चेतावनी भी दी कि एलपीजी की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूलना या अनधिकृत बिक्री अवैध है तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत दंडनीय है।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश