विमान के ब्लैक बॉक्स डेटा में छेड़छाड़ का प्रयास किया जा रहा : रोहित पवार

Ads

विमान के ब्लैक बॉक्स डेटा में छेड़छाड़ का प्रयास किया जा रहा : रोहित पवार

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 07:55 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 07:55 PM IST

पुणे, 13 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु से जुड़े मामले में राकांपा (शप) विधायक रोहित पवार ने शुक्रवार को दावा किया कि वीएसआर वेंचर्स के मालिक वी के सिंह विमान के ‘ब्लैक बॉक्स’ डेटा में छेड़छाड़ की कोशिश कर रहे हैं।

वीएसआर वेंचर्स उस विमान का संचालन कर रही थी जिसके दुर्घटनाग्रस्त होने से अजित पवार की मृत्यु हो गई थी।

रोहित पवार ने कहा कि विमान ‘लीयरजेट 45’ के फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) डेटा के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ का पता फॉरेंसिक ऑडिट के दौरान चल जाएगा।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘ऐसी खबरें हैं कि वीएसआर कंपनी के मालिक और डेटा में हेरफेर करने के विशेषज्ञ वी के सिंह दुर्घटना में शामिल विमान के एफडीआर डेटा से कथित तौर पर छेड़छाड़ की कोशिश कर रहे हैं।’’

फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (जिसे आमतौर पर ब्लैक बॉक्स के नाम से जाना जाता है) ऐसा उपकरण है जो विमान के विभिन्न मापदंडों और परिचालन डेटा को रिकॉर्ड करता है, जिसका उपयोग दुर्घटना संबंधी जांच में किया जा सकता है।

विपक्षी विधायक ने कहा कि डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) या एएआईबी (विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो) के वे कर्मी जो इस गतिविधि में सहायता कर रहे हैं या सहायता करने की सोच रहे हैं, उन्हें ध्यान देना चाहिए कि उपकरण के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ का पता फॉरेंसिक ऑडिट के दौरान चल जाएगा।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘एक बार समिति का गठन हो जाने के बाद, फॉरेंसिक ऑडिट (ऐसी प्रक्रिया जो विमान दुर्घटना के कारण का पता लगाने में मदद करती है) किया जाएगा, इसलिए किसी को भी डेटा के साथ छेड़छाड़ करने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए।’’

रोहित पवार ने कहा कि कुछ अधिकारी समझौतापरस्त हो सकते हैं, लेकिन डीजीसीए के कई अधिकारी ईमानदार और निष्ठावान हैं।

वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित लीयरजेट विमान 28 जनवरी को पुणे जिले में बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें अजित पवार और चार अन्य लोगों की मृत्यु हो गई थी।

दुर्घटना पर संदेह जताते रहे राकांपा (शप) विधायक ने वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित कई विपक्षी नेताओं से मुलाकात की है और उनसे आग्रह किया है कि वे विमान दुर्घटना का मुद्दा संसद में उठाएं।

दुर्घटना की जांच कर रहे राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने वीएसआर वेंचर्स के मालिक सिंह का बयान पहले ही दर्ज कर लिया है।

भाषा

नेत्रपाल अविनाश

अविनाश