एनएपीए ने अमेरिकी वीजा रद्द करने संबंधी योजना की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की
एनएपीए ने अमेरिकी वीजा रद्द करने संबंधी योजना की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की
चंडीगढ़, 26 अगस्त (भाषा) नॉर्थ अमेरिकन पंजाबी एसोसिएशन (एनएपीए) ने बुधवार को अमेरिकी प्रशासन से आग्रह किया कि वह उन मामलों की निष्पक्ष और व्यक्तिगत समीक्षा सुनिश्चित करे, जिनमें विदेशी नागरिकों को जारी किए गए दो लाख बी1 और बी2 वीज़ा रद्द करने पर विचार किया जा रहा है। इन लोगों ने बाद में शरण के लिए आवेदन किया था।
एनएपीए के कार्यकारी निदेशक सतनाम सिंह चहल ने अमेरिकी सीनेटर एलेक्स पैडिला और एडम बी. शिफ़ को लिखे गए पत्रों की प्रतियां जारी करते हुए यह अपील की।
चहल ने कहा कि खबरों के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन, गृह सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर, 2016 और 2026 के बीच जारी किए गए बी1 और बी 2 कारोबार वीजा और पर्यटन वीज़ा को रद्द करने पर विचार कर रहा है। ये वीज़ा उन लोगों को जारी किए गए थे जिन्होंने बाद में अमेरिका में शरण मांगी या अभी शरण मांग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर बताई गई संख्या के हिसाब से ऐसा किया जाता है, तो यह अमेरिकी इतिहास में वीज़ा रद्द करने का सबसे बड़ा सामूहिक कदम हो सकता है।
हालांकि, एनएपीए के कार्यकारी निदेशक ने कहा कि दो लाख के बताए गए आंकड़े को ज़्यादा से ज़्यादा अनुमान माना जाना चाहिए, न कि अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से आधिकारिक तौर पर घोषित अंतिम संख्या।
चहल ने कहा, ‘‘एनएपीए अमेरिका सरकार के आव्रजन और वीजा कानूनों को लागू करने के अधिकार को मानता है। हालांकि, जानबूझकर किए गए वीजा फर्जीवाड़े और उन लोगों के बीच स्पष्ट अंतर होना चाहिए जिनकी परिस्थितियां अमेरिका में आने के बाद बदल गईं।’’
भााा
नेत्रपाल संतोष
संतोष

Facebook


