राजस्थान: झारखंड से तस्करी कर लाया गया पांच करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ जब्त

Ads

राजस्थान: झारखंड से तस्करी कर लाया गया पांच करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ जब्त

  •  
  • Publish Date - May 21, 2024 / 08:37 PM IST,
    Updated On - May 21, 2024 / 08:37 PM IST

जयपुर 21 मई (भाषा) राजस्थान पुलिस की ‘एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ) ने अजमेर जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में एक ट्रक से 30 क्विंटल 263 किलोग्राम अफीम डोडा पोस्त (मादक पदार्थ) की खेप पकड़ी है जिसकी कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी ट्रक चालक रामनारायण बिश्नोई (55) को गिरफ्तार किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स एवं अपराध) दिनेश एमएन ने एक बयान में बताया कि किशनगढ़ थाना क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान सोमवार देर रात एक ट्रक की तलाशी ली गई जिसमें प्लास्टिक के 147 कट्टों में 30 क्विंटल 263 किलोग्राम डोडा पोस्त मिलने पर उसे जब्त किया गया तथा आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार ट्रक चालक रामनारायण बिश्नोई ने पुलिस को बताया कि नागौर के सुनील विश्नोई ने यह माल मंगवाया है, जिसे वह देने जा रहा था।

उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के साथ ही एजीटीएफ इस सप्ताह के दौरान कुल मिलाकर 12 करोड़ रुपये की कीमत का डोडा पोस्त जब्त कर चुकी है और दो तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

भाषा कुंज पृथ्वी खारी

खारी

शीर्ष 5 समाचार