महिला आयोग ने चेन्नई में छात्रा का पीछा किए जाने व परिजनों पर हमले की घटना को लेकर रिपोर्ट मांगी

महिला आयोग ने चेन्नई में छात्रा का पीछा किए जाने व परिजनों पर हमले की घटना को लेकर रिपोर्ट मांगी

महिला आयोग ने चेन्नई में छात्रा का पीछा किए जाने व परिजनों पर हमले की घटना को लेकर रिपोर्ट मांगी
Modified Date: April 1, 2026 / 05:38 pm IST
Published Date: April 1, 2026 5:38 pm IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने चेन्नई में एक कॉलेज छात्रा का पीछा किए जाने और उसके पिता एवं भाई पर धारदार वस्तु से हमला किए जाने की कथित घटना से जुड़ी रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है।

आयोग ने मामले में अब तक की गई कार्रवाई पर तमिलनाडु पुलिस से सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देश दिया है कि वह इस मामले में त्वरित, गहन और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करें।

आयोग ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़िता तथा उसके परिवार के लिए पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की।

चेन्नई में एक गिरोह के सदस्य एक कॉलेज छात्रा का कथित तौर पर कई दिनों से पीछा कर रहे थे और उसे परेशान कर रहे थे। घटना का विरोध करने पर गिरोह के सदस्यों ने छात्रा के भाई और पिता पर धारदार वस्तु से कथित तौर पर हमला कर दिया था।

एनसीडब्ल्यू ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता भी जाहिर की।

आयोग ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “एक कॉलेज छात्रा का कई दिनों तक पीछा किए जाने, उसे परेशान किए जाने और विरोध करने पर उसके पिता एवं भाई पर धारदार वस्तु से हमला किए जाने की घटना सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती है।”

उसने लिखा, “आयोग इस भयानक कृत्य की कड़ी निंदा करता है। वह इस तरह की हिंसा के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जाहिर करता है।”

भाषा पारुल पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में