राजग सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दर्शाती हैं: मोदी

Ads

राजग सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दर्शाती हैं: मोदी

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 06:33 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 06:33 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं भारत के लोगों के जीवन में गरिमा, भरोसा और वित्तीय सुरक्षा लाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

मोदी ने कहा कि आज से 11 साल पहले इसी दिन राजग सरकार द्वारा प्रमुख सामाजिक सुरक्षा और पेंशन योजनाओं की शुरुआत की गई थी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ये भारत के लोगों के जीवन में गरिमा, भरोसा और वित्तीय सुरक्षा लाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।’’

मोदी ने कहा कि पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना और पीएम सुरक्षा बीमा योजना का जमीनी स्तर पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

प्रधानमंत्री द्वारा 9 मई, 2015 को शुरू की गईं जनसुरक्षा योजनाओं – प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) का उद्देश्य सभी को, विशेष रूप से समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को किफायती वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है।

इन प्रमुख योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को जीवन की अनिश्चितताओं से बचाकर और दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को बढ़ावा देकर बीमा तथा पेंशन परिदृश्य को व्यापक बनाना है।

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव