राजग ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में काम करने का संकल्प लिया
राजग ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में काम करने का संकल्प लिया
नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने नरेन्द्र मोदी को सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने को लेकर बुधवार को बधाई दी और उनके नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में काम जारी रखने का संकल्प लिया।
नयी दिल्ली में एक दिवसीय सम्मेलन में पारित किए गए प्रस्ताव में, सत्तारूढ़ गठबंधन ने मोदी के ‘‘दूरदर्शी नेतृत्व और जनसेवा के प्रति अथक समर्पण’’ की प्रशंसा की। साथ ही, यह भी कहा कि उनका शासन नागरिकों की जरूरतों को समझने वाला, नये तरीकों पर आधारित और असरदार बदलाव लाने वाला है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की सच्ची भावना के अनुरूप है।
प्रस्ताव में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, पिछले 12 वर्षों की मुख्य विशेषता जन केंद्रित विकास, भागीदारी वाला लोकतंत्र और प्रदर्शन-आधारित शासन का एकीकरण रही है।
इसमें कहा गया, ‘‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन भारत के लोगों का लगातार भरोसे और समर्थन के लिए तहे दिल से शुक्रिया अदा करता है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनकी दूरदर्शी नेतृत्व और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण के लिए बधाई देता है।’’
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रस्ताव पेश किया और नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इसका समर्थन किया।
इस प्रस्ताव का समर्थन जीतन राम मांझी, एच डी कुमारस्वामी, एकनाथ शिंदे, चिराग पासवान, जयंत चौधरी, विष्णु देव साय, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सम्मेलन में प्रस्ताव पढ़कर सुनाया।
प्रस्ताव में कहा गया कि राजग अपने सहयोगी दलों, हर चुने हुए प्रतिनिधि और हर उस कार्यकर्ता के ‘‘अमूल्य योगदान’’ का भी सम्मान करता है, जिन्होंने इस दृष्टिकोण को हकीकत में बदलने के लिए काम किया।
इसमें कहा गया है कि बुधवार को पद पर 4,399 दिन पूरे करने के साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी ने 62 साल पुराने एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री ने बार-बार लोगों का भरोसा जीता है क्योंकि उनका नेतृत्व हर भारतीय की उम्मीदों को पूरा करने के गहरे संकल्प पर टिका है। उनका नेतृत्व काम करके दिखाने, जवाबदेही और ईमानदारी का बेहतरीन उदाहरण है।’’
इसमें कहा गया है कि वह ऐसे पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं जिन्होंने दो कार्यकाल पूरे किए हैं और जनता से लगातार तीसरी बार जनादेश हासिल किया है।
नयी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राजग के सहयोगी दलों की आज बैठक हुई। यह बैठक सत्तारूढ़ गठबंधन के 12 साल पूरे होने और मोदी के भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी।
भाषा
शफीक सुभाष
सुभाष

Facebook


