राजग असम को शीर्ष पांच राज्यों में एक बनाने के लिए नये जोश के साथ काम करेगा: अगप प्रमुख
राजग असम को शीर्ष पांच राज्यों में एक बनाने के लिए नये जोश के साथ काम करेगा: अगप प्रमुख
गुवाहाटी, पांच मई (भाषा) असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भारी जनादेश मिलने पर पर जनता का आभार व्यक्त करते हुए उसके घटक दल असम गण परिषद (अगप) के अध्यक्ष अतुल बोरा ने मंगलवार को कहा कि यह गठबंधन विकास के मामले में असम को देश के शीर्ष पांच राज्यों में से एक बनाने के लिए नए जोश के साथ काम करेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वास्तविकता से दूर थी, जिसके कारण चुनाव में उसका प्रदर्शन खराब रहा तथा उसके प्रदेश अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई भी हार गये।
बोरा ने यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘हमने चुनाव से पहले कहा था कि राजग की ताकत बढ़ेगी और हम दहाई अंकों से जीतेंगे। यह बात सच साबित हुई है।’’
उन्होंने कहा, “हम लोगों को समर्थन के लिए तथा अगप एवं राजग के सहयोगी दलों के हर कार्यकर्ता को उनके काम के लिए आभार व्यक्त करते हैं।”
राजग ने 126 सदस्यीय असम विधानसभा में 102 सीट जीतकर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की। भाजपा ने 82 सीट जीतीं, जबकि अगप और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट को 10-10 सीट मिलीं।
बोरा ने कहा कि सरकार द्वारा जनता के लिए किए गए कार्यों के कारण ही गठबंधन को जीत मिली।
उन्होंने कहा, “हम अगले कार्यकाल में असम को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने के अपने संकल्प को दोहराते हैं। चाहे बुनियादी ढांचा हो, कृषि हो, शिक्षा हो या सिंचाई, हमारा ध्यान सभी प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा।”
बोरा निवर्तमान मंत्रिमंडल में मंत्री हैं।
अगप कितने मंत्री पद मांगेगी, यह पूछे जाने पर बोरा ने बातचीत का विवरण देने से इनकार कर दिया और कहा, ‘‘मंत्रालय गठन मुख्यमंत्री के विवेक पर निर्भर करता है।’’
बोरा के अलावा, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महंत निवर्तमान सरकार में अगप के अन्य मंत्री थे।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव

Facebook


