नीरज बवाना और नवीन बाली गिरोह का गुर्गा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नीरज बवाना और नवीन बाली गिरोह का गुर्गा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नीरज बवाना और नवीन बाली गिरोह का गुर्गा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Modified Date: August 5, 2026 / 03:20 pm IST
Published Date: August 5, 2026 3:20 pm IST

नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) दिल्ली के कंझावला इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद नीरज बवाना और नवीन बाली गिरोह के एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि उसका कथित साथी पुलिस कर्मियों पर गोलीबारी कर फरार होने में कामयाब रहा। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान जिगाना और ग्लॉक पिस्तौलों समेत पांच हथियार और 18 कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को गुप्ता सूचना मिली कि राहुल डबास उर्फ आरडीएक्स और राहुल सहरावत लाडपुर गांव में आनंद वाटिका के पास आने वाले हैं और उनके पास हथियार होंगे तथा वे किसी अपराध को अंजाम देने की फिराक में हैं।

उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) विजय सिंह ने कहा, ‘गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने स्थान के पास जाल बिछाया। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्धों ने गोलीबारी कर दी जिसके बाद पुलिस ने एक वाहन के पीछे छिपकर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।’

अधिकारी ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान, राहुल सहरावत को मौके पर ही काबू कर लिया गया जबकि राहुल डबास कथित तौर पर पुलिस दल पर गोलीबारी करने के बाद भाग गया।

उन्होंने कहा कि आरोपियों द्वारा चलाई गई एक गोली पुलिस वाहन पर लगी जबकि दो गोलियां खड़ी कार में लगीं। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में एक गोली चलाई। उन्होंने कहा कि घटना में कोई पुलिसकर्मी या आरोपी जख्मी नहीं हुआ।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से बरामद हथियारों में एक जिगाना पिस्तौल, एक ग्लॉक पिस्तौल, एक .32 बोर पिस्तौल और दो देसी कट्टे शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मौके से नौ एमएम के आठ कारतूस और .30 बोर के 10 कारतूस भी जब्त किए गए।

पुलिस ने कहा कि राहुल सहरावत पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है जबकि फरार आरोपी राहुल डबास के खिलाफ 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘दोनों जेल में बंद गैंगस्टर नीरज बवाना और नवीन बाली के कथित सहयोगी हैं। इस संबंध में कंझावला थाने में मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।’

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में