नीट प्रश्नपत्र लीक: हरियाणा में विपक्षी कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा
नीट प्रश्नपत्र लीक: हरियाणा में विपक्षी कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा
चंडीगढ़, 12 मई (भाषा) हरियाणा में विपक्षी दल कांग्रेस ने मंगलवार को इस महीने की शुरुआत में आयोजित नीट (यूजी) में कथित प्रश्नपत्र लीक को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि यह देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य और मेहनत पर सीधा हमला है।
विपक्षी कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन में बार-बार होने वाली कथित अनियमितताओं की भी निंदा की।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) का आयोजन तीन मई को किया गया था। लेकिन एनटीए ने प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच मंगलवार को इस परीक्षा को रद्द कर दिया। सरकार ने सीबीआई को ‘अनियमितताओं’ की व्यापक जांच करने का निर्देश दिया।
लगभग 23 लाख पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए आयोजित यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में आयोजित की गई थी।
कांग्रेस महासचिव और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा, ‘‘ वर्ष 2026 के लिए नीट-यूजी के प्रश्नपत्र लीक होने का आरोप देश भर के लाखों छात्रों के भविष्य और मेहनत पर सीधा हमला है।’
उन्होंने कहा, ‘जब परीक्षाएं पारदर्शिता और ईमानदारी से आयोजित होने के बजाय भ्रष्टाचार और प्रश्नपत्र लीक का शिकार होती हैं, तो सबसे ज्यादा नुकसान गरीब और मध्यम वर्ग के छात्रों को होता है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए वर्षों तक तैयारी करते हैं।’
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां एक बयान में कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने भाजपा सरकार की जवाबदेही और कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सैलजा ने 22 लाख से अधिक छात्रों और उनके परिवारों के भरोसे के टूटने को ‘बेहद चिंताजनक’ बताया।
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों छात्र ही नहीं, बल्कि प्रश्नपत्र लीक होने से उनके माता-पिता भी प्रभावित होते हैं, जो इस कठिन समय में उनका साथ देते हैं।
उन्होंने कहा कि माता-पिता अपनी मेहनत की कमाई बच्चों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए बेहतरीन कोचिंग दिलाने में खर्च करते हैं और फिर प्रश्नपत्र लीक होने की खबर से उनके सपने चकनाचूर हो जाते हैं।
सुरजेवाला ने कहा, “इन छात्रों की क्या गलती है? छात्रों को क्यों भुगतना पड़ रहा है? यह पहली बार नहीं है जब ऐसी घटना हुई है? पहले भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।”
इस बीच, यहां के कुछ निजी संस्थानों से कोचिंग लेने वाले नीट परीक्षार्थियों ने कहा कि उन्होंने परीक्षा के लिए बहुत मेहनत की थी और प्रश्नपत्र लीक की खबर ने उन्हें निराश कर दिया है।
एक परीक्षार्थी ने कहा, ‘अब दोबारा प्रश्नपत्र लीक न होने की क्या गारंटी है? सरकार और एनटीए को इस पर ध्यान देना चाहिए क्योंकि यह पहली बार नहीं है जब ऐसी घटना हुई है।’
भाषा
राखी माधव संतोष
संतोष

Facebook


