दिल्ली में पीछा कर सार्वजनिक शौचालय में नेपाल के नागरिक की चाकू मारकर हत्या
दिल्ली में पीछा कर सार्वजनिक शौचालय में नेपाल के नागरिक की चाकू मारकर हत्या
नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार इलाके में ‘रोड रेज’ की कथित घटना में 27 वर्षीय नेपाल के नागरिक की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसका पीछा किया और एक सार्वजनिक शौचालय के भीतर उसे चाकू से गोद दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात की है, जब चश्मदीदों ने फैक्टरी कर्मचारी पीड़ित संतोष कुमार को जान बचाने के लिए एक सार्वजनिक शौचालय की ओर भागते देखा, जबकि हमलावर उसके पीछे लगे हुए थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘ आठ अप्रैल को शाम 6:23 बजे पीसीआर को वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मछली बाजार के सुलभ शौचालय परिसर में एक व्यक्ति को चाकू मारे जाने की सूचना मिली थी।’
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पीड़ित शौचालय परिसर के भीतर खून से लथपथ पड़ा मिला। अधिकारी ने बताया कि मूल रूप से नेपाल से ताल्लुक रखने वाला पीड़ित मछली मार्केट इलाके में रह रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना पीड़ित और एक मोटरसाइकिल सवार के बीच हुई कहासुनी से शुरू हुई थी। विवाद जल्द ही हाथापाई में बदल गया, जिस दौरान आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर संतोष पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि खुद को बचाने की कोशिश में घायल पीड़ित पास के सार्वजनिक शौचालय की ओर भागा और अंदर से दरवाजा बंद करने की कोशिश की। हालांकि, उसे पकड़ लिया गया और उस पर चाकू से कई वार किए गए।
पुलिस ने बताया कि संतोष की बाद में मौत हो गई।
अशोक विहार थाने में धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान, पुलिस ने एक आरोपी की को गिरफ्तार कर लिया जिसका पहचान तनीश (19) के रूप में हुई है और वह मछली मार्केट क्षेत्र की सीएसए कॉलोनी का निवासी है। घटना में शामिल एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी अपराध स्थल के पास से बरामद कर लिया गया है।
मृतक के परिजनों और परिचितों ने इस हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सूचना मिलने पर मौके पर संतोष के चाचा भी मौके पर पहुंच गए थे।
उन्होंने कहा, ‘जब मैं यहां आया, तो मैंने उसे फर्श पर मृत पड़ा देखा। मैंने देखा कि उसे दो बार चाकू मारा गया था। मुझे नहीं पता कि असल में क्या हुआ था। वह महज 27 साल का था और मेरे साथ एक स्टील कंपनी में काम करता था।”
उन्होंने कहा, “ मुझे नहीं पता कि हमले में कितने लोग शामिल थे। हम नेपाल के रहने वाले हैं और मैं यहां 15 साल से काम कर रहा हूं। मुझे लगता है कि उसे बाहर चाकू मारा गया था और बाद में वह खुद को बचाने के लिए शौचालय के अंदर आया। बाहर एक बाइक खड़ी थी जो मुझे लगता है कि हमलावरों की थी।’
पुलिस का कहना है कि अपराध की वजह ‘रोड रेज’ प्रतीत होती है।
पुलिस ने कहा कि हमले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस टीमें आसपास के इलाकों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और गवाहों से पूछताछ की जा रही है।
भाषा
नोमान प्रशांत
प्रशांत

Facebook


